नए लुक में नजर आएगी लखनऊ सुपर जायंट्स... संजीव गोयनका ने किया नई जर्सी का अनावरण
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने शुक्रवार को अपनी नई आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। इस अवसर पर टीम के मालिक और आरपीएसजी ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका और ग्रुप के वाइस चेयरमैन शाश्वत गोयनका मौजूद रहे। अनावरण के दौरान टीम प्रबंधन ने जर्सी की विशेषताओं और उसके रंगों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम की नई जर्सी दबाव में धैर्य, निरंतर प्रगति और आत्मविश्वास का प्रतीक है। इस मौके पर वाइस चेयरमैन ने कहा कि एलएसजी की चार वर्षों की यात्रा में प्रशंसकों की भूमिका सबसे अहम रही है। उन्होंने टीम और उसकी पहचान के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव बनाया है। नई जर्सी उसी रिश्ते को एक जीवंत और पहनने योग्य रूप प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि जर्सी में शामिल लाल रंग टीम के प्रतिस्पर्धी जुनून और तीव्रता को दर्शाता है, जबकि नीला रंग उस शुरुआत का सम्मान करता है जहां से टीम की यात्रा आरंभ हुई थी। वहीं सुनहरा रंग भविष्य के प्रति विश्वास और ऊंचे लक्ष्यों का प्रतीक है। टीम प्रबंधन के अनुसार, मैदान पर यह जर्सी केवल परिधान नहीं बल्कि टीम की पहचान है, जो हर मैच में संस्कृति, उद्देश्य और प्रतिस्पर्धी भावना को साथ लेकर चलेगी।
