IPL 2026: 10 मार्च से लखनऊ पहुंचने लगेंगे एलएसजी के खिलाड़ी, 15 से शुरू होगा कैंप 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : वर्ल्ड कप फाइनल के बाद आईपीएल की तैयारियां तेज होने वाली हैं। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खत्म होने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाड़ी राजधानी पहुंचना शुरू कर देंगे। जानकारी के अनुसार 10 मार्च से टीम प्रबंधन और खिलाड़ी आईपीएल की तैयारियों में जुट जाएंगे। बताया जा रहा है कि एलएसजी का अभ्यास शिविर 15 मार्च से राजधानी के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने की संभावना है। हालांकि अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।

संभावना है कि लीग के मुकाबले 28 मार्च से 31 मई के बीच खेले जाएंगे। आईपीएल के कार्यक्रम की घोषणा के बाद सभी फ्रेंचाइजी अपने-अपने होम ग्राउंड पर तैयारियां शुरू करेंगी। इसी क्रम में लखनऊ में भी एलएसजी के खिलाड़ी अभ्यास के जरिए अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देंगे।

इस सीजन टीम में कई चर्चित खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें अर्जुन तेंदुलकर पर विशेष निगाहें रहेंगी। वहीं पिछले सीजन में एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। ऐसे में इस बार वह अपनी बल्लेबाजी से दमदार वापसी करने की कोशिश करेंगे।

टीम में अब्दुल समद, एडेन मार्करम, आकाश सिंह, अर्जुन तेंदुलकर, अर्शिन कुलकर्णी, आवेश खान, आयुष बदोनी, दिगवेश राठी, हिम्मत सिंह, मणिमारन सिद्धार्थ, मैथ्यू ब्रीत्जके, मयंक यादव, मो. शमी, मिशेल मार्श, मोहसिन खान, निकोलस पूरन, प्रिंस यादव, ऋषभ पंत, शाहबाज अहमद, जोश इंग्लिश, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, एनरिक नोर्खिया, वानिंदु हसरंगा और नमन तिवारी शामिल हैं।

वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह बढ़ गया है। इकाना स्टेडियम में चौके-छक्कों की बारिश देखने के लिए दर्शक बेसब्री से आईपीएल शेड्यूल का इंतजार कर रहे हैं। इकाना स्टेडियम के सीनियर एमडी उदय सिन्हा ने बताया कि जैसे ही आईपीएल का कार्यक्रम जारी होगा, उसी के अनुसार सभी तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।

ये भी पढ़ें :
T20 World Cup Final : ICC का बड़ा ऐलान, फाइनल मैचों को लेकर बताया कौन होंगे अंपायर और मैच रेफरी

संबंधित समाचार