ईरानी पहलवान लखनऊ में दिखाएंगे दम: केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सजेगा रेसलिंग गोल्डकप 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : एक ओर जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव की खबरें सुर्खियों में हैं, वहीं लखनऊ में खेल के मैदान पर ईरानी पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करते नजर आएंगे। राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 23 से 25 मार्च तक रेसलिंग गोल्डकप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे।

इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण ईरान के तीन दिग्गज पहलवान होंगे, जो मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी खेल भावना का संदेश देते हुए लखनऊ के अखाड़े में उतरेंगे। आयोजन सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार ईरान के विश्वविख्यात पहलवान हामिद (पश्चिम फाइटर्स), हादी ईरानी (गोरक्षा स्टॉर्म) और मिर्जा इरफान (काशी रेसलर्स) गोल्डकप के मुख्य आकर्षण रहेंगे।

उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने से पहले ही ये तीनों पहलवान भारत पहुंच चुके थे और विभिन्न दंगलों में हिस्सा ले रहे थे। अब इनका लखनऊ में आयोजित होने वाले इस मुकाबले में उतरना तय हो गया है। कुश्ती एसोसिएशन की देखरेख में शहीद भगत सिंह की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता में सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे।

प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र की कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें काशी रेसलर्स, अवध वॉरियर्स, बुंदेलखंड फोर्स और रुहेलखंड क्रशर्स जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं। आयोजन सचिव के अनुसार सभी खिलाड़ी 21 मार्च तक लखनऊ पहुंच जाएंगे, जिसके बाद मुकाबलों की औपचारिक शुरुआत होगी। खेल प्रेमियों को तीन दिन तक रोमांचक कुश्ती मुकाबलों का आनंद देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें :
IPL 2026: 10 मार्च से लखनऊ पहुंचने लगेंगे एलएसजी के खिलाड़ी, 15 से शुरू होगा कैंप 

संबंधित समाचार