Uttrakhand: भीमताल, नौकुचियाताला, कमलताल झीलों का होगा सौंदर्यीकरण
हल्द्वानी/देहरादून, अमृत विचार। राज्य सरकार नैनीताल जनपद की प्रमुख झीलों को और अधिक आकर्षक व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सचिवालय में झीलों के पुनर्विकास और सौन्दर्यीकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इसमें नैनीताल डीएम जिलाधिकारी डॉ. ललित मोहन रयाल वर्चुअली जुड़े।
बैठक में सचिव आर राजेश कुमार ने कहा कि भीमताल झील के पुनर्विकास और सौन्दर्यीकरण पर विशेष चर्चा हुई। करीब 2567.49 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना का उद्देश्य झील क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाना है। इसके तहत झील के चारों ओर सुरक्षित पाथ-वे बनाया जाएगा। साथ ही सुभाष पार्क और दीनदयाल पार्क का सौन्दर्यीकरण, लगभग 40 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, लैंडस्केपिंग, ओपन सिटिंग एरिया और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। पूरे क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने नौकुचियाताल और कमलताल झीलों के विकास की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 2097.02 लाख रुपये की लागत से नौकुचियाताल झील के चारों ओर करीब 2089 मीटर लंबा पाथ-वे बनाया जाएगा। इसके अलावा चार गजिबो, सेल्फी प्वाइंट, पार्किंग और बोटिंग स्टैंड भी विकसित किए जाएंगे। उन्होंने इन प्रोजेक्ट्स को जल्द पूरा करने को कहा ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकें। सचिव डॉ. राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो सके।
