बरेली: दिल्ली जाते हुए पीलीभीत के किसानों का टोल प्लाजा पर हंगामा
अमृत विचार, बरेली। कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को पीलीभीत के किसान संगठनों के नेताओं ने फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर खूब हंगामा किया। करीब आधा घंटा तक टोल प्लाजा को अपना कब्जा रखा। इस दौरान वाहनों से टोल टैक्स नहीं वसूलने दिया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ के आक्रोश के …
अमृत विचार, बरेली। कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को पीलीभीत के किसान संगठनों के नेताओं ने फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर खूब हंगामा किया। करीब आधा घंटा तक टोल प्लाजा को अपना कब्जा रखा। इस दौरान वाहनों से टोल टैक्स नहीं वसूलने दिया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ के आक्रोश के सामने टोल प्लाजा पर मौजूद पुलिस कर्मी बेबस नजर आए। जानकारी पर कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसएसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे। इसके बाद किसानों को समझा बुझाकर वापस बरेली की और लौटा दिया गया।
केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के विरोध में किसान लगातार आंदोलनरत हैं। बीते दिनों किसानों ने कई जगह हाईवे जाम करने की कोशिश की थी। वहीं, सपाईयों ने किसान रैली निकालकर विरोध जताते हुए कानून को वापस लेने की मांग की थी। इसी बीच सोमवार को पीलीभीत के सैकड़ों किसान भाकियू के राष्ट्रीय आह्वान पर दिल्ली कूच के लिए निकले।
इस दौरान पीलीभीत में जिला प्रशासन की तमाम कोशिशें किसानों को रोकने में नाकाम साबित हुई और वह बरेली के लिए निकल गए। रास्ते में नवाबगंज में पुलिस ने उनको रोका इस दौरान चकमा देकर दो हिस्सों में बंटी किसानों की टुकड़ी फतेहगंज पश्चिमी के टोल प्लाजा पहुंच गई। यहां किसानों ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों को वाहनों से टोल नहीं लेने की हिदायत देते हुए रोड के किनारे बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में जानकारी पर कमिश्नर रणवीर प्रसाद , डीआईजी राजेश कुमार पांडे, डीएम नीतीश कुमार, एसएसपी रोहित कुमार सजवाण पहुंचे तो टोल प्लाजा को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
इस दौरान किसानों ने नए कृषि कानूनों को किसानों को गुलाम बनाने वाला बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिकारियों के समझाने पर किसान टोल प्लाजा पार कर चुके किसानों को वापस बुलाने की बात पर अड़ गए। इस पर पुलिस ने आगे निकल चुके किसान नेताओं की नाकाबंदी कर उनके वाहनों को रोककर वापस लौटा दिया। इसके बाद किसान धरना प्रदर्शन समाप्त कर वापस चले गए।
पीलीभीत के किसान दिल्ली जा रहे थे। उन्हें फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा पर रोका गया। किसी तरह समझाकर उन्हें वापस पीलीभीत भेज दिया गया है। किसानों के टोल प्लाजा को कब्जे में रखने जैसी कोई बात नहीं हुई। टोल तक पहुंचने वालों में सभी किसान पीलीभीत जनपद के थे। बरेली का कोई किसान शामिल नहीं था।
नितीश कुमार, जिलाधिकारी।
