स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी, बैलेंस निगेटिव हुआ तो तुरंत कट सकती है बिजली

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए पावर कॉरपोरेशन ने महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगे हैं, वे अपने मीटर का बैलेंस शून्य या ऋणात्मक (नेगेटिव) न होने दें, अन्यथा उनका बिजली कनेक्शन स्वतः कट सकता है।

पावर कॉरपोरेशन के अनुसार प्रदेश में अब तक करीब 76 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 69.88 लाख मीटर प्रीपेड मोड पर संचालित हो रहे हैं। विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटरिंग सिस्टम अब पूरी तरह तैयार हो चुका है और इसे गो लाइव भी कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यदि किसी उपभोक्ता के मीटर खाते का बैलेंस ऋणात्मक हो जाता है तो सिस्टम के माध्यम से उसका कनेक्शन ऑटोमैटिक रूप से काटा जा सकता है।

उपभोक्ताओं को बैलेंस की जानकारी देने के लिए कॉरपोरेशन की ओर से एसएमएस अलर्ट की व्यवस्था की गई है। मीटर का बैलेंस 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य होने पर उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भेजा जाता है। साथ ही बिजली बिल भी मोबाइल नंबर पर उपलब्ध कराया जाता है।

यदि किसी उपभोक्ता को बिल या एसएमएस नहीं मिल रहा है तो वह 1912 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट कंज्यूमर ऐप के माध्यम से अपनी दिन-प्रतिदिन और घंटे-घंटे की बिजली खपत भी देख सकते हैं। कॉरपोरेशन ने उपभोक्ताओं से समय-समय पर बैलेंस जांचने और रिचार्ज कराते रहने की अपील की है।

संबंधित समाचार