पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत : महराजगंज में पत्नी से परेशान पति ने दो बच्चों संग फंदा लगाकर दी जान, इलाके में सनसनी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश में महाराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पत्नी से नाराज एक पति ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 66वीं वाहिनी एसएसबी में तैनात वंदना (35) निवासी सैथपुर, जिला गाजीपुर, दोमुहाना घाट बीओपी पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने पति अमरेश कुमार (40), चार वर्षीय बेटे अमरेंद्र कुमार और तीन वर्षीय बेटी कंचन के साथ नौतनवा कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में रहती थीं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से संबंध ठीक नहीं थे और अक्सर दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी। दो दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद होने की चर्चा है। शनिवार शाम को वंदना ड्यूटी पर चली गई थीं और रविवार सुबह घरेलू कामकाज निपटाने के बाद फिर ड्यूटी के लिए निकल गईं।
इसी दौरान सुबह करीब सात बजे मकान के निचले हिस्से में रहने वाले किराएदार को ऊपर से कुछ असामान्य आवाज सुनाई दी। जब वह ऊपर गया तो कमरे का दृश्य देखकर सन्न रह गया। कमरे में अमरेश कुमार, उनके बेटे अमरेंद्र और बेटी कंचन तीनों के शव फंदे से लटके हुए मिले।
घटना की जानकारी किराएदार ने तत्काल महिला को दी। सूचना मिलते ही वह ड्यूटी छोड़कर घर पहुंचीं और बच्चों के शव देखकर बेसुध हो गईं। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके की जांच के दौरान कमरे की दीवार पर कुछ लिखावट भी मिली है, जिसमें मृतक ने अपनी पत्नी, उसके पिता समेत कुछ अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। इसमें लेन-देन और एक युवक का नाम भी लिखे जाने की बात सामने आई है।पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि अमरेश कुमार घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करते थे, जबकि पत्नी नौकरी करती थीं। दोनों बच्चे अभी स्कूल नहीं जाते थे। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि आत्महत्या की घटना की सूचना मिली है। मृतक मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला था। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
