कानपुर में डेढ़ किलो चरस के साथ दो गिरफ्तार, 5 लाख रुपये बताई जा रही कीमत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में क्राइम ब्रांच टीम और फीलखाना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम चरस बरामद की है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु निगम और नौशाद के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि चरस नेपाल से गोरखपुर के रास्ते कानपुर लाई जाती थी और इसके बाद फीलखाना तथा आसपास के क्षेत्रों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई की जाती थी। तस्करी के लिए आरोपी स्टील या प्लास्टिक के कंटेनर अथवा बोतलों का इस्तेमाल करते थे। 

इन कंटेनरों में ऊपर की ओर घी भर दिया जाता था, जबकि नीचे चरस छिपाकर ले जाई जाती थी, ताकि जांच के दौरान शक न हो। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले तीन से चार वर्षों से इस अवैध कारोबार में लिप्त हैं और इनके खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिनमें इन्हें जेल भेजा जा चुका है। 

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त, एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार