Bareilly: लगातार मैसेज के बाद पति ने किया ब्लॉक, कमरे में मृत मिली नर्स
बरेली, अमृत विचार। लगातार मैसेज करने के बाद पति ने कोई जवाब नहीं दिया, साथ ही उसने पत्नी का नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद महिला नर्स का शव संदिग्ध हालात में अस्पताल के पीछे कमरे में पड़ा मिला। बारादरी पुलिस ने कमरे की जांच की।
जिला शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के कुंवरपुर बंजरिया निवासी 30 वर्षीय प्रियंका देवी पत्नी सुनील कुमार निजी अस्पताल में नर्स का काम करती थी। अस्पताल के पीछे नर्स के लिए बने आवास में वह अपनी महिला सहकर्मी आस्था त्रिपाठी के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि महिला की रात की ड्यूटी थी, जबकि उसकी सहपाठी आस्था त्रिपाठी रविवार सुबह 8:00 बजे ड्यूटी के लिए गई तो उस समय प्रियंका सो रही थी। उसके बाद दोपहर 12 आस्था दूध गर्म करने के लिए कमरे में गईं तो प्रियंका को जगाया, लेकिन वह बेहोश थी, आनन फानन में अन्य लोगों की मदद से उसे अस्पताल लाया गया, लेकिन महिला नर्स को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची बारादरी पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
2024 में हुई थी शादी, पति भी अस्पताल में करता है काम
पुलिस की जांच में सामने आया है कि प्रियंका की शादी 2024 में गांव के ही रहने वाले सुनील के साथ हुई थी। सुनील भी शहर के निजी अस्पताल में कर्मचारी है। पत्नी की मौत की खबर सुनकर वह मौके पर पहुंच गया। जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में मनमुटाव चल रहा था, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
रात भर पति से हुई थी चैटिंग, पति ने कर दिया था ब्लॉक
पुलिस ने महिला नर्स के मोबाइल की जांच की, जिसमें सामने आया कि मृतका के मोबाइल फोन से पति से रात भर चैटिंग हुई, लेकिन पति ने किसी भी चैट का जवाब नहीं दिया और लगभग 3 बजे के आसपास उसे ब्लॉक कर दिया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि नाराज होकर महिला नर्स ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि महिला नर्स का शव संदिग्ध हालत में कमरे में पड़ा मिला है, मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
