संपादकीय: बदलाव का बवंडर
बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री बनेंगे अब तकरीबन तय है। पर उन पर या उनकी सरकार पर कोई टिप्पणी उनके पदासीन होने, सरकार गठन के बाद ही उचित है। फिलहाल उनके दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रभावशाली प्रदर्शन ने यह बताया है कि नेपाली जनता अब राजनीतिक बदलाव की आकांक्षी है। भ्रष्टाचार, सुस्त विकास, अस्थिर सरकारों से निराश मतदाताओं ने एक अपेक्षाकृत नई राजनीतिक शक्ति को मौका देकर संदेश दिया है कि पारंपरिक राजनीति के विकल्प की तलाश अब केवल बौद्धिक चर्चा नहीं, जनभावना बन चुकी है।
पार्टी ने चुनाव प्रचार में पारदर्शिता, सुशासन और विकासोन्मुख प्रशासन को अपना मुख्य एजेंडा बनाया। यह वही मुद्दे हैं, जिन पर दशकों से नेपाली जनता पारंपरिक दलों से असंतुष्ट रही है। यही कारण है कि भ्रष्टाचार-विरोधी और सत्ता-विरोधी नारों ने मतदाताओं के बीच पैठ बनाई। शुरुआती विश्लेषणों बताते थे कि पहले से बेहतर प्रदर्शन के बावजूद आरएसपी तीसरे स्थान से आगे नहीं बढ़ पाएगी, क्योंकि नेपाल की राजनीति में संगठनात्मक जड़ें, स्थानीय नेटवर्क और जातीय-क्षेत्रीय समीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। परिणामों ने इन धारणाओं को गलत साबित कर दिया।
आरएसपी ने शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण और सुदूर इलाकों में भी बेहतर प्रदर्शन किया। इससे संकेत मिला कि पारंपरिक दलों के प्रति असंतोष केवल शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वह देशव्यापी भावना बन चुका है। बार-बार की राजनीतिक अस्थिरता, गठबंधन सरकारों की विफलता, रोजगार के अवसरों की कमी और व्यापक भ्रष्टाचार ने आम नेपाली नागरिक को निराश किया है। यही कारण है कि पारंपरिक दलों के दशकों पुराने शासन के प्रति असंतोष धीरे-धीरे राजनीतिक विकल्प की तलाश में बदल गया।
इस सफलता के पीछे युवा मतदाताओं की भूमिका अहम रही, जो वैश्विक राजनीति और प्रशासनिक मॉडल से परिचित होने के साथ पारंपरिक राजनीतिक संस्कृति को चुनौती देने के लिए अधिक मुखर है। पारंपरिक दलों के प्रति उनका अविश्वास इस चुनाव में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। युवाओं ने आरएसपी को केवल एक पार्टी के रूप में नहीं, बल्कि राजनीतिक परिवर्तन के प्रतीक के रूप में देखा। केवल युवा ही नहीं बड़ी उम्र के मतदाताओं और ग्रामीण समाज ने भी परिवर्तन की आवश्यकता को महसूस किया।
इसके अतिरिक्त वैश्विक नेपाली प्रवासी समुदाय और डिजिटल डायस्पोरा की सक्रियता भी इस चुनाव में महत्वपूर्ण कारक रही। विदेशों में रहने वाले लाखों नेपाली सोशल मीडिया के माध्यम से राजनीतिक बहस में सक्रिय रहे और उन्होंने परिवर्तन के विचार को व्यापक समर्थन दिया। फिर भी इस अप्रत्याशित सफलता के साथ कई चुनौतियां भी सामने हैं। किसी भी नई पार्टी के लिए सबसे बड़ी परीक्षा सत्ता में आने के बाद शुरू होती है।
आरएसपी के पास वास्तव में मजबूत जनादेश है, उसे पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और विकास के ठोस परिणाम दिखाने होंगे। साथ ही उसे संगठनात्मक मजबूती, नीति-निर्माण की क्षमता और अनुभवी नेतृत्व की कमी जैसी चुनौतियों से भी जूझना होगा, बहरहाल नेपाल की जनता ने परिवर्तन की इच्छा व्यक्त कर दी है।
