बदायूं : पुलिस की प्रतियोगिता में पहले दिन हुई फ्री स्टाइल कुश्ती
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित की गई पुलिस विभाग की प्रतियोगिताएं
बदायूं, अमृत विचार। पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस की महिला व पुरुष वर्ग की तीसरी अंतरजनपदीय कुश्ती कलस्टर, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग व आर्म रेसलिंग की प्रतियोगिता शुरू हुई। मार्च पास्ट के बाद एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर, खिलाड़ियों से परिचय करके उद्घाटन किया। उन्होंने खेल भावना से खेलने को प्रेरित किया। पहले दिन पुरुष व महिला वर्ग की फ्री स्टाइल कुश्ती हुई।
प्रतियोगिता में बरेली जोन के नौ जिलों की पुलिस की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पुरुष वर्ग की 61 किग्रा फ्री स्टाइल कुश्ती में बदायूं के जितेश को पहला, रामपुर के बलबिंद्र को दूसरा, 70 किग्रा वर्ग में बरेली के भोलाराम को पहला, बदायूं के विशाल को दूसरा स्थान हासिल हुआ। 74 किग्रा में बदायूं के अजय कश्यप ने पहला, बरेली के संदीप कुमार को दूसरा और 86 किग्रा वर्ग में बरेली के हरेंद्र को पहला व बदायूं के अनुज को दूसरा स्थान मिला। वहीं महिला वर्ग की फ्री स्टाइल कुश्ती के 53 किग्रा वर्ग में बदायूं की सपना को पहला, बरेली की अनुराधा को दूसरा, 55 किग्रा वर्ग में मुरादाबाद की निशब को पहला, शाहजहांपुर की आरती को दूसरा, 62 किग्रा वर्ग में बदायूं की भूरी को पहला, शाहजहांपुर की श्रुति खेवाल को दूसरा, 65 किग्रा वर्ग में बदायूं की अनामिका को पहला, बरेली की सुमन धीमान को दूसरा स्थान हासिल हुआ। उद्घाटन के दौरान एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, सीओ उझानी व लाइन डॉ. देवेंद्र कुमार, सीओ दातागंज केके तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में शैवर अली खान, दिलीप जोशी, पुलिस के कुश्ती कोच जितेंद्र राणा राजीव कुमार रहे।
