Bareilly : मुख्यमंत्री ने विधायकों से मांगे पांच-पांच करोड़ के प्रस्ताव, वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये चर्चा
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा क्षेत्रों में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के विकास कार्य कराए जाएंगे। सड़क, नाली, पुलिया, स्कूलों में कक्ष, वकीलों के लिए चैंबर समेत विभिन्न विकास कार्य होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से अपनी विधानसभा में पांच-पांच करोड़ से कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे। विधायकों से प्रस्ताव बनवाकर 15 अप्रैल तक मुख्यमंत्री कार्यालय भिजवाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये बरेली जनपद में हुए विकास कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने वीसी में मौजूद विधायकों से विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यों की भी जानकारी की। प्रशासनिक अधिकारियों को विकास कार्यों के प्रस्ताव समय पर तैयार कराकर भिजवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की वीसी में वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य के अलावा कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी, डीएम अविनाश सिंह, सीडीओ देवयानी, बीडीए वीसी डॉ. मनिकन्डन ए, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इधर, वीसी में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 15 अप्रैल तक विकास कार्यों के प्रस्ताव भिजवाने के लिए कहा है। यह भी कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव सुरेंद्र सिंह प्रस्ताव कार्यों को देख रहे हैं।
