सोने-चांदी के भाव में आई बड़ी गिरवाट, वैश्विक बाजारों में आर्थिक चुनौतियों के कारण दबाव, जानिए कितने घटें दाम  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। विदेशी बाजारों में कमजोर रुख और अमेरिकी डॉलर में मजबूती के बीच वायदा कारोबार में सोने की कीमतें सोमवार को 2,225 रुपये टूटकर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 2,225 रुपये या 1.4 प्रतिशत घटकर 1,56,241 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इस दौरान 7,881 लॉट का कारोबार हुआ। 

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में विश्लेषक (जिंस) मानव मोदी ने कहा, '' ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी से अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ और इससे यह चिंता बढ़ी कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती को टाल सकता है जिसके कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में, कॉमेक्स पर अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंधों के लिए सोने का वायदा भाव 54.31 डॉलर या 1.07 प्रतिशत घटकर 5,007.39 डॉलर प्रति औंस रह गया। 

कमजोर मांग से चांदी के वायदा भाव में 4,232 रुपये की गिरावट 

कमजोर घरेलू मांग और अमेरिकी डॉलर की मजबूती से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत सोमवार को 4,232 रुपये टूटकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 4,232 रुपये या 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,55,203 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इस दौरान 5,787 लॉट का कारोबार हुआ।

विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू बाजार में खुदरा मांग कमजोर रहने के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में व्यापक आर्थिक चुनौतियों के कारण चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स में मई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का वायदा भाव 1.28 अमेरिकी डॉलर या 1.58 प्रतिशत टूटकर 80.06 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस रह गया।

ये भी पढ़ें : 
तेजी के साथ खुला शेयर बाजार, हरे निशान में आये सेंसेक्स-निफ्टी, डॉलर का दबाव जारी


संबंधित समाचार