अयोध्या धाम में लगेंगे आधुनिक डस्टबिन:16 प्रमुख नालियों और नालों पर लगेंगी लोहे की जालियां

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या,अमृत विचार। अयोध्या धाम को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम की ओर से आधुनिक व्यवस्थाएं शुरू की जा रही हैं। इसी क्रम में शहर में आधुनिक डस्टबिन लगाए जाएंगे और नालियों-नालों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष जालियां भी लगाई जाएंगी।

स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पहले चरण में 30 स्थायी डस्टबिन लगाए जाएंगे। इन डस्टबिनों की खास बात यह होगी कि इनमें अंदर अलग से डिब्बे रखे जाएंगे। जिन्हें समय-समय पर खाली किया जाएगा। इससे कूड़ा इधर-उधर फैलने की समस्या कम होगी और सफाई व्यवस्था अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी।

इसके साथ ही 16 प्रमुख नालियों और नालों पर लोहे की जालियां लगाने की योजना भी बनाई गई है। ये जालियां नालों और नालियों के शुरुआती तथा अंतिम छोर पर लगाई जाएंगी। जिससे प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य ठोस कचरा नालों में जाकर रुकावट न पैदा कर सके। जालियों में फंसे कचरे को सफाई कर्मी आसानी से निकाल सकेंगे। जिससे जल निकासी व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्या धाम में लगातार बढ़ रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है, ताकि शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जा सके।

इस परियोजना को 15वें वित्त आयोग से स्वीकृति मिल चुकी है। पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में 30 डस्टबिन लगाए जाएंगे और आवश्यकता के अनुसार आगे और भी डस्टबिन स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से न केवल शहर की स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि कूड़ा प्रबंधन और जल निकासी व्यवस्था भी पहले से अधिक बेहतर हो सकेगी।

ये भी पढ़ें :
रेशम उत्पादन से होगी किसानों की आय में बढ़ोतरी,पांच दिवसीय प्रौद्योगिक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ

संबंधित समाचार