जिला स्तरीय जिम्नास्टिक में अव्यांस, धन्व अत्रि और दीक्षांत अव्वल... बालिका वर्ग में इन्होंने मारी बाजी
लखनऊ, अमृत विचार: केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में बालक वर्ग में अव्यांस, धन्व अत्रि और दीक्षांत त्यागी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में यश्वी और हिमाद्री ने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किए। फ्लोर एक्सरसाइज के बालक अंडर-6 आयु वर्ग में अव्यांस ने 5.80 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-8 वर्ग में धन्व अत्रि ने 4 अंक के साथ बाजी मारी। अंडर-10 वर्ग में दीक्षांत त्यागी ने 3.20 अंक प्राप्त कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बालिका वर्ग की फ्लोर एक्सरसाइज स्पर्धा में अंडर-6 वर्ग में यश्वी ने 3.55 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-10 वर्ग में हिमाद्री ने 6.10 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-12 वर्ग में रिशिल्लु ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के दौरान प्रभारी राजेश कुमार गौड़, नमिता यादव, सूरज और अरुण मौजूद रहे। इसी क्रम में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया। खेले गए फाइनल मुकाबले में बीकेटी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम उपविजेता रही।
