ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे रक्षामंत्री: कल आएंगे लखनऊ, ये रहा कार्यक्रम का शेडयूल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण के ग्रीन कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए रक्षामंत्री से समय मिल गया है। 13 मार्च को शाम 4 बजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समतामूलक चौक पर कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही डालीगंज से निशातगंज होते हुए समतामूलक चौक तक आवागमन शुरू हो जाएगा। लोकार्पण के बाद झूलेलाल वाटिका में जनसभा होगी। जिसमें 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे, जिसकी तैयारी जिला प्रशासन, एलडीए और नगर निगम के अधिकारियों ने शुरू कर दी है। रक्षामंत्री विवेक खंड में लक्ष्मण मंडपम् का भी उद्घाटन कर सकते हैं।

रक्षामंत्री कल आएंगे शहर

लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर 12 को लखनऊ पहुंचेंगे। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि रक्षामंत्री 12 मार्च को शाम लगभग 8:00 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रात 8:30 बजे पारिवारिक वैवाहिक समारोह में सम्मिलित होंगे। रात में 5-ए, कालिदास मार्ग पर विश्राम करेंगे। 13 मार्च को 11:30 बजे सिटी मोंटेसरी स्कूल की गोल्फ सिटी शाखा के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे। 

इसके बाद राजाजीपुरम में विधायक योगेश शुक्ला के आवास और राजेंद्र नगर स्थित विधायक निवास में पूर्व एमएलसी स्वर्गीय विंध्यवासिनी कुमार के आवास जाएंगे। शाम 4:30 बजे समतामूलक चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। शाम 5:00 बजे झूलेलाल वाटिका हसनगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

ग्रीन काॅरिडोर की मिट्टी धंसने की पोस्ट वायरल

बीरबल साहनी मार्ग के पास बने ग्रीन काॅरिडोर के एक तरफ लेन के नीचे मिट्टी धंसने की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल वायरल हो गई। इसका संज्ञान लेकर अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा अभियंताओं की टीम के साथ पहुंचे। उन्हें कॉरिडोर के नीचे की तरफ बैरियर लगाकर मिट्टी पाटने का काम चलता मिला। अपर सचिव ने बताया कि मिट्टी धंसने की बात गलत है। सुरक्षा के लिहाज से लेन के किनारे क्रैश बैरियर लगाए जा रहे हैं। क्रैश बैरियर राजमार्ग और खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षात्मक रेलिंग होती है। इससे हादसे के दौरान वाहन नीचे नहीं गिरते हैं।

ये भी पढ़ें :
यूपी बोर्ड परीक्षा का 18 मार्च से मूल्यांकन: प्रदेश भर में विस्तृत दिशानिर्देश जारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

संबंधित समाचार