Uttrakhand: गिफ्ट पैक में हजारों डॉलर, झांसा देकर लाखों रुपए ठगे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। विदेश से आए महंगे गिफ्ट और हजारों डॉलर के लालच में फंस कर महिला दुकानदार ने कुछ ही पल में लाखों रुपए गंवा दिए। इसका एहसास महिला को तब हुआ जब खाते से चार लाख रुपए निकाल कर जालसाज के बताए खातों में डाल दिए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, महिला टीपीनगर क्षेत्र की रहने वाली है और टीपीनगर में ही उसकी कॉस्मेटिक की दुकान है। महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गोवा में कस्टम अधिकारी बताया। साथ ही बताया कि महिला का एक गिफ्ट पैक आया है, जिसमें कीमती गिफ्ट है, लेकिन गिफ्ट हासिल करने के लिए उन्हें भुगतान करना होगा। पहला भुगतान महिला ने 25 हजार रुपए किया। इसके बाद दोबारा जालसाज का फोन आया और कहा कि गिफ्ट पैक में हजारों डॉलर हैं। 

इन डॉलर को हासिल करने के लिए उन्हें और रुपए देने होंगे। इसके बाद महिला ने 95 और फिर एफडी तुड़वा कर और दो लाख रुपए जालसाज के बताए बैंक अकाउंट में डाल दिए। इस तरह उसने कुल 4 लाख रुपए जालसाज को दे दिए, लेकिन जब फिर भी गिफ्ट पैक नहीं मिला तो उसे ठगी का एहसास हुआ। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके रिश्तेदार कनाडा में हैं। उसे लगा कि उन्हीं रिश्तेदारों ने गिफ्ट पैक भेजा होगा और वह झांसे में आ गई। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

संबंधित समाचार