Ayodhya Premier League: दूसरे दिन गंगा वारियर्स-गोमती थंडर ने जीता लीग मुकाबला, ध्रुव प्रताप-प्रियांशु रहे मैन-ऑफ-द-मैच
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या प्रीमियर लीग टी-20 के दूसरे दिन गुरुवार को हुए लीग मुकाबलों में गंगा वारियर्स व गोमती थंडर टीमों ने जीत दर्ज कर पूल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। आरएसओ अनिमेष सक्सेना ने गंगा वारियर्स के ध्रुव प्रताप सिंह व गोमती थंडर के प्रियांशु पाण्डेय को मैन-ऑफ-द-मैच की ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया।
यूपीसीए के तत्वावधान में डाभासेमर के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही एपीएल टी-20 के दूसरे दिन दो लीग मुकाबले हुए। पहले मुकाबले में गोमती वारियर्स ने टॉस जीत कर यमुना सुपर किंग्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। यमुना टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 128 रन बनाये।
इसमें विनायक निगम ने छह चौके व सात छक्के की मदद से शानदार 91 रन का योगदान दिया और नॉट आउट रहे। गोमती टीम के आतिफ, रितिक व अनमोल ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए गोमती टीम ने 10.1 ओवर में महज एक विकेट खोकर 130 रन बनाकर नौ विकेट से जीत दर्ज की। हिमांशु सिंह ने आठ चौके व दो छक्के की मदद से 55, प्रियांशु पाण्डेय ने चार चौके व पांच छक्के की मदद से 51 रनों का योगदान दिया। यमुना टीम के एक मात्र सूर्य प्रताप एक विकेट लेने में कामयाब रहे। गोमती टीम के प्रियांशु मैन-ऑफ-द-मैच रहे।
दूसरे मुकाबले में गंगा वारियर्स टीम ने टॉस जीत कर चंबल चैलेन्जर्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। चंबल टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवरों में आठ विकेट खोकर 135 रन बनाये। इसमें अनुज राजपूत ने छह चौके व दो छक्के की मदद से 41, आदित्य ने 26, अंकुर ने 20 रनों का योगदान दिया। गंगा टीम के विशाल, ध्रुव, सौरभ व पंकज ने दो-दो विकेट लिये। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी गंगा टीम ने 16.3 ओवरों में तीन विकेट शेष रहते मैच जीत लिया।
कृष्णा साहू ने 51 रन, धुव ने 32 रनों का योगदान दिया। चंबल टीम के सचिन ने तीन, वत्सल ने दो व सौरभ ने एक विकेट लिया। गंगा टीम के ध्रुव प्रताप मैन-ऑफ-द-मैच रहे। डीसीए के जिला सचिव उमेर अहमद ने बताया कि 26 मार्च को प्रतियोगिता का सेमीफाइनल व 27 को फाइनल मुकाबला होगा। इस अवसर पर आयोजन संयुक्त सचिव बाल किशन निषाद, उपक्रीड़ा अधिकारी, प्रशिक्षक, ऑफीसियल व खेल प्रेमी मौजूद रहे।
