Ayodhya Premier League: सरयू स्मैशर्स ने बेतवा ब्लास्टर पर दर्ज की जीत, वैभव रहे मैन-ऑफ-द-मैच, जानें आज का मुकाबला
अयोध्या, अमृत विचार। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल के क्रिकेट स्टेडियम में बहु प्रतीक्षित टी-20 अयोध्या प्रीमियर लीग(एपीएल) बुधवार को समारोहपूर्वक शुरू हुई। पहले लीग मुकाबले में वैभव तिवारी की शानदार अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत सरयू स्मैशर्स टीम ने बेतवा ब्लास्टर पर जीत दर्ज कर विजय अभियान की शुरुआत की। वैभव ने चार चौके व दो छक्के जड़े और मैन-ऑफ-द-मैच रहे।
मुख्य अतिथि महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राधे श्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने पिच पर बंधा फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
समारोह में रंग बिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन किया। महापौर त्रिपाठी ने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद शुरू हुई यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए उत्प्रेरक का काम करेगी। विधायक डॉ. चौहान ने कहा कि अब जिले के इस स्टेडियम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजन हो सकेंगे जो गर्व की बात है।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में सरयू स्मैशर्स ने टॉस जीत कर क्षेत्ररक्षण चुना और बेतवा ब्लास्टर को बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। बेतवा टीम ने 19.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 142 रन बनाये। घनश्याम उपाध्याय ने दो छक्के व दो चौके की मदद से 37, विनय यादव ने दो छक्के व तीन चौके से 33, विकास यादव ने चार चौके से 28, सुधांशु सोनकर ने 17 व अंशुमान पांडेय ने 10 रनों का योगदान दिया। सरयू स्मैशर्स के दिव्य प्रकाश व मो. जावेद ने दो-दो, मो. शारिम, अनुराग निषाद व मुनिन्दर मौर्या ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सरयू स्मैशर्स टीम ने 16.4 ओवरों में सात विकेट शेष रहते जीत का लक्ष्य हासिल कर अपने विजय अभियान की शुरूआत की। वैभव तिवारी पहले मुकाबले में अर्द्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बने। वैभव ने चार चौके व दो छक्के की मदद से शानदार 52 रनों की पारी खेली।
इसके अलावा अनुराग ने तीन छक्के व एक चौके की सहायता से 34, मो. शारिम ने तीन छक्के व एक चौके से 23, गौतम ने 14 व दिव्य प्रकाश ने 10 रनों का सहयोग दिया। बेतवा की ओर से आशुतोष, अमर व धनंजय में ने एक-एक विकेट लिया।
यूपीसीए के जिला सचिव उमेर अहमद ने बताया कि बुधवार को सुबह नौ बजे चंबल व गंगा टीमों के बीच और दोपहर एक बजे से गोमती व यमुना टीमों के बीच लीग मुकाबला होगा। इस मौके पर आरएसओ अनिमेष सक्सेना, योगेश्वर सिंह, सुनील अवस्थी सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे।
