अगर नेहरु जीवित होते तो कांशीराम UP के मुख्यमंत्री होते... कार्यकर्ताओं से बोले राहुल गांधी- नारे लगाने से कोई....
लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केवल 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारे लगाने से कोई फायदा नहीं होता। बदलाव तब आता है जब व्यक्ति यह ठान ले कि जो गलत हो रहा है उसे वह स्वीकार नहीं करेगा।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाषण देने से पहले वह सोच रहे थे कि बी आर अंबेडकर शिक्षा और संगठन की बात करते थे। आज लोग कांशी राम को याद करते हैं, लेकिन समाज को 15 और 85 में बांट दिया गया है। उन्होने आरोप लगाया कि इसका फायदा केवल 15 प्रतिशत लोगों को मिल रहा है, जबकि बाकी 50 प्रतिशत समाज को अलग-अलग कर दिया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि अगर जवाहरलाल नेहरु आज जीवित होते तो कांशीराम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम एपस्टीन फाइल में बताया जा रहा है और उनकी बेटी की कंपनी में जॉर्ज सोरोस की फंडिंग का भी उल्लेख किया गया है।
राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन हुआ था, तब उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सीटें घटकर 36 रह गई थीं, जबकि महागठबंधन ने 43 सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि यही सफलता महागठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में भी दोहराना चाहता है।
