बाराबंकी : राष्ट्रीय साक्षरता मिशन परीक्षा में 5902 परीक्षार्थी हुए शामिल
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद बाराबंकी में रविवार को राष्ट्रीय साक्षरता मिशन (एनआईएलपी) के अंतर्गत आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। यह परीक्षा जनपद के 15 ब्लॉक तथा एक नगर क्षेत्र में आयोजित की गई।
परीक्षा के लिए कुल 7814 अभ्यर्थियों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 5902 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। उपस्थित अभ्यर्थियों में 3918 महिलाएं और 1984 पुरुष शामिल रहे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने परीक्षा संचालन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिससे परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो सकी। इस दौरान निदेशक साक्षरता अनिल भूषण चतुर्वेदी ने भी जनपद के कुछ विद्यालयों में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और परीक्षा संचालन तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और परीक्षा आयोजन तथा निरीक्षण कार्य में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
