भाजपा फिर रचेगी इतिहास : बोले केशव मौर्य- 2027 में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा होगा साफ
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) का सूपड़ा साफ हो जायेगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित राष्ट्रीय सरस मेला-2026 के दूसरे दिन रविवार को प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने अपने लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कई विधायक, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मेले में दूर-दूर से आए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में माफियागिरी समाप्त कर दी गई है और आगामी चुनाव में जिले की सभी 12 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को विजय दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। गैस की कमी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रदेश में गैस की कमी को लेकर अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव गैस की कमी को लेकर दुष्प्रचार कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 10 दिवसीय राष्ट्रीय सरस मेले में नौ राज्यों और उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों से आए स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भाग ले रही हैं। मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ तथा अन्य घरेलू उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जिन्हें लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सरस मेला दस दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए कलाकार प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।
