Bareilly : किशोरी से दरिंदगी की हुई पुष्टि, बेचने वाली महिला की तलाश
बरेली, अमृत विचार। नाबालिग किशोरी को बेचकर उसके साथ देह व्यापार करने वाले चार आरोपियों को शनिवार को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पीड़िता के मेडिकल में उसके साथ दरिंदगी की पुष्टि हुई है। पुलिस किशोरी को वाराणसी से बरेली लाकर बेचने वाली महिला की तलाश में वाराणसी जाएगी।
बारदरी थाना क्षेत्र के एक होटल से भाग कर एक किशोरी शुक्रवार की देर रात थाने पहुंची थी। किशोरी ने पुलिस को बताया था कि जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में परिवार के लोगों की डांट से नाराज होकर वह घर छोड़कर चली आई थी। वाराणसी स्टेशन पर उसे रिया नाम की एक महिला मिली थी। रिया ने कुछ दिन उसे अपने घर पर रखा था और इसके बाद उसे बरेली की एक महिला को बेच दिया था।
पीड़िता ने बताया कि बरेली के कई होटलों में उसे ले जाकर गलत काम कराया जाता था। आरोपी शुक्रवार की रात भी उसे सैटेलाइट स्थित एक होटल में देह व्यापार के लिए लाए थे. लेकिन मौका पाकर किशोरी आरोपियों को चकमा देकर होटल से भाग कर थाने पहुंची थी और पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस ने इस मामले में विनोद, बबली, जसलीन और नेपाल की महिला को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने रविवार को पीड़िता का मेडिकल कराया। बारादरी थाना प्रभारी धनन्जय पांडेय ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में किशोरी के साथ दरिंदगी की पुष्टि हुई है। पीड़िता के बयान सोमवार को कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद पुलिस पीड़िता और उसके परिवार के लोगों के साथ किशोरी को बेचने वाली रिया नाम की महिला के घर वाराणसी में जाकर उसकी तलाश करेगी। इसके अलावा किशोरी ने जिन होटलों में अपने साथ गलत काम कराये जाने की जानकारी पुलिस को दी है, पुलिस जल्द ही उन होटल मालिक और मैनेजरों पर भी शिकंजा कसेगी और गिरफ्तार करेगी।
