Bareilly : मैं चक्रव्यूह में फंस गया हूं...सुसाइड नोट लिखकर मेंथा कारोबारी हुआ लापता

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में मेंथा तेल के ऑनलाइन सट्टे से जुड़े कारोबारी के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई। सांई धाम कॉलोनी निवासी मेंथा तेल कारोबारी के रहस्यमय ढंग से गायब होने के बाद उनके बेटे ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गोदाम की तलाशी के दौरान सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में कर्ज से परेशान होकर गंगा में कूदकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। फिलहाल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच में जुटी है और कारोबारी की तलाश की जा रही है।

इज्जत नगर थाना क्षेत्र के साई धाम कॉलोनी सैदपुर हाकिन्स निवासी प्रणव कुमार सैनी ने बताया कि उसके पिता गौतम कुमार सैनी 13 मार्च की दोपहर को घर से गायब हो गए। वह नोएडा में जॉब करता है। युवक ने बताया कि उसे जब पिता के गायब होने की जानकारी हुई तो उसने शहर आकर पिता के इन्द्रानगर स्थित आफिस और दुकान पर काम करने वाले जितेन्द्र से ताला खुलवाकर अंदर जाकर देखा तो मेज पर एक सुसाइड नोट रखा मिला। इसके बाद उसने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुला लिया।

युवक के अनुसार पिता के छोड़े गए सुसाइड नोट में लिखा था कि मैं गौतम कुमार बड़े दुखी मन से सुसाइड नोट लिख रहा हूं। उसके ऊपर दबाव है। उसे व्यापार में नुकसान हो गया है। आगे लिखा कि वह अपनी संपत्ति बेचने के बाद भी कर्ज नहीं उतार सका। उसमें लिखा था कि अधिकतर लोग उससे एमसीएक्स का मेंथा सट्टा करवाते हैं। इसके चलते एक माह में 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान होता है। पीड़ित ने पिता को तलाशने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रेमनगर पुलिस ने प्रेमनगर निवासी शकील, धौरा टांडा निवासी अफसार, गिरधरपुर निवासी उमेर और जफर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

व्यापारी ने सुसाइड नोट में लिखा...मैं इस चक्रव्यूह में फंस गया
लापता मेंथा कारोबारी गौतम कुमार के बेटे प्रणव कुमार के अनुसार सुसाइड नोट में लिखा है कि अगर वह सट्टा नहीं लगवाता तो उसके ऊपर दबाव बनाते हैं। सुसाइड नोट में कहा कि कुछ लोगों का उसके ऊपर 3 से 4 प्रतिशत का महीने का ब्याज चल रहा है। जो एक लाख पर तीन-चार हजार रुपये महीना होता है। व्यापारी ने कहा कि मैं इस चक्रव्यूह में फंस गया हूं। अब मुझे कोई उपाय नहीं सूझ रहा है। एक दिन में उसके ऊपर तीन से चार लाख रुपये चढ़ जाते हैं। उसने कई लोगों के नाम लिखकर कहा कि गंगा नदी में कूदने जा रहा है।

प्रेम नगर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मेंथा कारोबारी के बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। कारोबारी गौतम कुमार का अभी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

संबंधित समाचार