बरेली: मेहनत से बदली गांव की तस्वीर, अब मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
अमृत विचार, बरेली। मेहनत के दम पर गांव की तस्वीर बदलने वाले युवाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। जिन्हें सम्मानित किया जाएगा वे कोई और नहीं बल्कि युवक और महिला मंगलदल के सदस्य हैं। इन युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में जहां लोगों को साफ-सफाई के संबंध में जानकारी दी। वहीं, स्कूल न जाने वाले …
अमृत विचार, बरेली। मेहनत के दम पर गांव की तस्वीर बदलने वाले युवाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। जिन्हें सम्मानित किया जाएगा वे कोई और नहीं बल्कि युवक और महिला मंगलदल के सदस्य हैं। इन युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में जहां लोगों को साफ-सफाई के संबंध में जानकारी दी। वहीं, स्कूल न जाने वाले बच्चों के परिजनों को समझाया और शिक्षा का महत्व बताया। इन्हीं युवाओं को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। सम्मान समारोह के संबंध में विकास भवन में स्थित जिला युवा कल्याण कार्यालय में जिला युवा कल्याण अधिकारी/ निदेशक विवेक चंद्र की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
जिले में युवक मंगल दल 327 और महिला मंगल दल के 324 सदस्य हैं। इन लोगों ने अपनी मेहनत से कई गांवों की तस्वीर बदल दी है। जिन गांवों के लोग शिक्षा का महत्व नहीं समझते थे और बच्चों को घरों पर बैठा लिया था, उन युवतियों और युवकों ने ऐसे लोगों को शिक्षा का महत्व समझाया और बच्चों को स्कूल की राह दिखाई। आज ऐसे सैकड़ों बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कोरोना काल में भी इनका विशेष योगदान रहा।
कोरोना काल में आरती, अनीता, सुनील, सरला, दीपक, दीक्षा, संजय, अशोक कुमार समेत सभी ने लोगों को कोरोना के बचाव की जानकारी दी। यही वजह है कि जिन गांवों से ये युवक और युवतियां संपर्क रखते हैं उन गांवों में कोरोना संक्रमितों की संख्या का प्रतिशत .01 ही रहा। यही नहीं जो लोग कन्याओं को अभिशाप समझते थे महिला मंगल दल की युवतियों ने ऐसे लोगों को बताया कि बेटे और बेटी में कोई फर्क नहीं होता है। यदि बेटियों को कायदे की शिक्षा मिले तो वे बेटों से अधिक नाम रोशन कर सकती हैं।
खेलों के प्रति भी किया जागरूक
युवक एवं महिला मंगल दल के सदस्यों ने लड़कियों को भी खेलों के प्रति आकर्षित किया ताकि गांव स्तर रहने वाली बेटियां किसी से कम न रहें। वे भी अपने कदमों से कामयाबी का शिखर चूम सकें और गांव व जिले का नाम रोशन कर सकें। वहीं, युवकों ने ग्रामीण स्तर पर खेल के बारे में युवाओं को जानकारी दी। बताया कि क्रिकेट के अलावा भी कई ऐसे खेल हैं जिनसे युवा अपना और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
सम्मान के लिए इनका भेजा जाएगा नाम
जिला युवा कल्याण अधिकारी/निदेशक विवेक चंद्र ने बताया कि इन लोगों ने कई ऐसे कार्य किए हैं जिसकी वजह से युवा कल्याण विभाग का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने बताया कि वह सम्मान के लिए जिले से सुनील कुमार, आरती गुप्ता अनीता, सरला और दीपक शर्मा का नाम भेजेंगे। इनमें से कितने युवक और युवतियों का चयन होगा, यह समय ही बताएगा। उन्होंने बताया कि बरेली से कम से कम दो लोगों का चयन होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बाद मंडल स्तर पर अन्य युवकों और युवतियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री इन्हें आॉनलाइन सम्मानित करेंगे।
