Shravasti News: 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में CDPO निलंबित
श्रावस्तीः उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में कथित तौर पर आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति के बदले 20 हजार रूपये रिश्वत मांगने के आरोप में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाहिद अहमद ने सोमवार को एक बयान में कहा कि सिरसिया क्षेत्र के सीडीपीओ मुकेश कुमार द्वारा सहायिका की नियुक्ति में रिश्वत लिए जाने की शिकायत प्रथम दृष्टता सही पाई गई जिसके आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
अहमद ने बताया कि उत्तर प्रदेश बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की सिफारिश भी की गई है। सीडीओ ने संवाददाताओं को बताया कि प्रियंका आर्य ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति में सिरसिया क्षेत्र के सीडीपीओ 20 हजार रुपये मांग रहे हैं। इस संबंध में फोन पर दोनों के बीच हुई बातचीत की आडियो क्लिप भी पेश की गई।
सीडीओ ने बताया कि उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार यादव और उप जिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार की संयुक्त टीम ने प्रकरण की गहनता से जांच की जिसमें शिकायत की पुष्टि हुई और आडियो क्लिप में मुकेश कुमार की आवाज होने की पुष्टि हुई, इसके बाद कार्रवाई की गई।
