मुरादाबाद: दिल्ली कूच कर रहे किसानों को रोका, हाईवे पर बवाल, एसएसपी को दौड़ाया
अमृत विचार, मुरादाबाद/रामपुर। किसान आंदोलन में दिल्ली जा रहे किसानों ने मंगलवार शाम मूंढापांडे टोल पर कब्जा जमा लिया। यात्रियों के हंगामा करने के बाद रात करीब 9.15 बजे किसानों ने दो लेन को कब्जा मुक्त कर दिया। किसान इस बात पर अड़े हैं कि दिल्ली जाने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। आईजी, डीएम …
अमृत विचार, मुरादाबाद/रामपुर। किसान आंदोलन में दिल्ली जा रहे किसानों ने मंगलवार शाम मूंढापांडे टोल पर कब्जा जमा लिया। यात्रियों के हंगामा करने के बाद रात करीब 9.15 बजे किसानों ने दो लेन को कब्जा मुक्त कर दिया। किसान इस बात पर अड़े हैं कि दिल्ली जाने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। आईजी, डीएम व एसएसपी दलबल के साथ टोल पर जमे हैं और वार्ता जारी है।
किसानों का कहना है कि रुद्रपुर और रास्ते में हमारे 150 से अधिक वाहन रोके गए हैं उनके आने के बाद रवाना होंगे। इससे पहले रामपुर क्षेत्र में रोके जाने के बाद किसान गुस्सा गए। उधर मूंढापांडे के नजदीक आक्रोशित किसानों को समझाने पहुंचे एसएसपी मुरादाबाद व रामपुर एसपी को दौड़ा लिया गया। मुरादाबाद एसएसपी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी। दोनों अफसरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
अफसरों ने किसानों को समझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। किसानों के अचानक हमले में एसएसपी मुरादाबाद चोटिल हो गए। इसके बाद किसान बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गए और दलपतपुर स्थित टोल प्लाजा पर कब्जा कर लिया। जिससे हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। बवाल की शुरुआत मंगलवार की शाम करीब चार बजे रामपुर-मुरादाबाद बार्डर पर हुई। पीलीभीत की ओर से सैकड़ों किसान कृषि कानून के विरोध में ट्रैक्टर ट्रालियों से दिल्ली की ओर कूच कर रहे थे। रामपुर जिले में प्रवेश करने पर किसानों को दो स्थानों पर रोका गया। इसके बाद भी किसान किसी तरह मौका पाकर मुरादाबाद की ओर बढ़ आए। जानकारी मिलते ही मुरादाबाद व रामपुर की पुलिस अलर्ट हो गई।
अफसरों ने उनको समझाने का प्रयास किया तो किसान मारपीट को आमादा हो गए। आक्रोशित किसानों ने बेरीकेडिंग तोड़ दी। एसएसपी मुरादाबाद व एसपी रामपुर पर हमलावर हो गए। हालात भांपते हुए दोनों ने जब निकलने का प्रयास किया तो किसानों ने उनकी सरकारी गाड़ी को रोक दी और तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। एसएसपी मुरादाबाद प्रभाकर चौधरी के पैर में चोट लग गई। सूचना पर कमिश्नर वीरेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक आईजी रमित शर्मा किसानों से वार्ता कर रहे हैं।
