Uttrakhand: 25 LPG सिलेंडर लदी पिकअप पुलिस ने पकड़ी, चालक छोड़कर हुआ फरार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। मंगोली क्षेत्र में पुलिस ने व्यवसायिक गैस सिलेंडर से भरी एक पिकअप को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और नियमों के पालन पर सवाल उठने लगे हैं, वहीं चालक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे चेकिंग के दौरान यूके 04 सीसी 1896 नंबर की पिकअप को रोका गया। जांच में वाहन से 24 व्यवसायिक गैस सिलेंडर बरामद हुए, लेकिन चालक वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। चालक के भाग जाने से पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद मंगलवार को कोतवाली पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। 

कोतवाल ने बताया कि पिकअप को सीज कर दिया गया है और 25 सिलिंडर खाद्य पूर्ति विभाग को सौंप दिए गए हैं। वहीं चालक के परिजन जितेंद्र ने पुलिस पर उत्पीड़न और अवैध वसूली के आरोप लगाए। उनका कहना है कि काशीपुर से सिलेंडर का गेट पास शाम चार बजे जारी हुआ था और ये सिलेंडर नैनीताल के स्कूलों व होटलों में आपूर्ति के लिए भेजे गए थे। मामले में यह भी सामने आया कि जिला प्रशासन की ओर से रात नौ बजे एसओपी जारी की गई थी, जबकि वाहन उससे पहले ही रवाना हो गया था।

 इस तरह पूरे प्रकरण में नियमों के पालन और कार्रवाई दोनों पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय खाद्यपूर्ति अधिकारी, नैनीताल सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि पिकअप नेहा इंडेन गैस एजेंसी की बताई जा रही है, जो पहले भी ऐसे मामले में पकड़ी जा चुकी है। अवैध सिलेंडर को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

संबंधित समाचार