Bareilly: इस नवरात्र भवानी मंदिर में श्रद्धालु पहली बार कर सकेंगे मां की आराधना
बरेली, अमृत विचार। नाथ नगरी में माता के नवरात्र धूम दिखने लगी है। गुरुवार से शहर के देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब जुटेगा और भक्त नौ दिन तक मां के अलग-अलग स्वरूपों की आराधना करेंगे। लिहाजा बुधवार को देवी मंदिरों में तैयारियां की जाती रहीं। खास बात ये कि इस बार त्रिवटीनाथ मंदिर में इस बार देवी की आराधना के लिए भवानी मां मंदिर की स्थाना की गई है।
त्रिवटीनाथ मंदिर के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि त्रिवटीनाथ मंदिर वर्षों से शहर की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। इस बार भवानी मां के नए मंदिर की स्थापना श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और विशेष पूजा-अर्चना को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने ये भी बताया कि मंदिर में जयपुरी नक्काशी की गई है। जिसके परिसर की दीवारें अयोध्या के भव्य श्री राम मंदिर की तर्ज पर सजाई गई हैं। उन्होनें बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक यहां विशेष अनुष्ठान, दुर्गा सप्तशती पाठ और भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा।
किला क्षेत्र के प्रसिद्ध नौ देवी मंदिर में भी श्रद्धालु आते-जाते दिखे। यह मंदिर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को समर्पित है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि नवरात्र के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग देवी स्वरूप की विधि-विधान से पूजा की जाएगी। श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत रखकर मां से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
नवरात्र से एक दिन पहले पूजा आदि सामग्री खरीदने को भी शहर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। दुकानों पर रंग-बिरंगी चुनरियां, माता की मूर्तियां और हर तरह की पूजन सामग्री मौजूद है। दुकानदारों के मुताबिक इस बार साधारण कपड़े की चुनरी से लेकर गोटा-पट्टी और कढ़ाईदार विशेष चुनरियां अलग-अलग कीमतों में मौजूद हैं। इसके अलावा माता के श्रृंगार का सामान, कलश, नारियल, पूजन थाल, ज्योति पात्र और डांडिया स्टिक की भी अच्छी खासी बिक्री हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि नवरात्र के चलते बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है, जिससे व्यापार को भी गति मिली है।
