लखनऊ के पासपोर्ट ऑफिस-सुल्तानपुर डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां, ईमेल सोर्स की जांच
लखनऊ/सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में बुधवार को लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट दफ्तर और सुल्तानपुर के डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इन दोनों जगहों पर ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। हालांकि जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को मौके से कुछ भी नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है।
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पासपोर्ट दफ्तर को धमकी भरा ईमेल के जरिये मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम पहचान एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) की टीम मौके पर पहुंच कर पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया । एहतियातन तौर पर कार्यालय में आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई और वहां मौजूद हर व्यक्ति तथा सामान की गहन जांच की गई।
हालांकि जांच के बाद किसी भी संदिग्ध वस्तु के न मिलने की पुष्टि हुई। वहीं कुछ ही देर बाद सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही सिटी सीओ और नगर कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पूरे परिसर को तुरंत सील कर दिया गया और डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।
सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यहां भी मौके से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नही हुई है। पुलिस प्रशासन दोनों धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है।
साइबर सेल की टीम ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल दोनों स्थानों पर स्थिति नियंत्रण में है और कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
