बाराबंकी : 6969 करोड़ का हाईवे व 7 लघु सेतु निर्माण को मंजूरी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

केंद्र व राज्य सरकार की ओर से जनपद को विकास की बड़ी सौगात

कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : समग्र विकास को गति देते हुए केंद्र व राज्य सरकार ने कई अहम मूलभूत परियोजनाओं को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने बाराबंकी-बहराइच के बीच लगभग 6,969 करोड़ रुपये की लागत से 4-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे निर्माण को स्वीकृति दी है, जिससे पूर्वांचल व तराई क्षेत्र के बीच आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम होगा। इससे व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। 

इसके साथ ही राज्य सरकार ने जिले में 2180.98 लाख रुपये की लागत से 7 लघु सेतु (आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट सहित) निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है। इनमें बनीकोडर ब्लॉक के बाजपुर-पाराहाजी मार्ग पर 975.59 लाख की लागत से लघु सेतु, सूरतगंज में जलालपुर-सरदार बगला मार्ग पर 487.13 लाख की लागत से सेतु, मरकामऊ चौकाघाट मार्ग पर 313 लाख की लागत से बॉक्स कल्वर्ट, बंकी में 169.81 लाख की लागत से निर्माण, हरख में 92.65 लाख, सिद्धौर में 107.44 लाख तथा लक्ष्यबर-बजहा करपिया नेवला मार्ग पर 35.36 लाख की लागत से पुलिया निर्माण शामिल है।

इन परियोजनाओं से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन में समय व लागत की बचत होगी, जिससे कृषि व व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने केंद्र व राज्य सरकार का आभार जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को जल्द लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें : राजनीति में कभी 'फुल स्टॉप' नहीं लगता: रिटायर हो रहे राज्यसभा सदस्यों को पीएम मोदी का भावुक संदेश

संबंधित समाचार