फार्मर आईडी अभियान में रामपुर बना नंबर वन: तय समय से पहले पूरा किया लक्ष्य, गाजियाबाद दूसरे और तीसरे स्थान पर अंबेडकरनगर
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में किसानों को योजनाओं से सीधे जोड़ने के लिए चलाए जा रहे फार्मर आईडी अभियान में रामपुर ने सबसे आगे निकलते हुए नया कीर्तिमान बनाया है। रामपुर प्रदेश का पहला जिला बन गया है जिसने तय समय सीमा से पहले ही 100 प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया। गाजियाबाद दूसरे और अंबेडकरनगर तीसरे स्थान पर रहा, जबकि टॉप टेन में औरैया, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मीरजापुर और बिजनौर ने अपनी जगह बनाई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 1 जनवरी से शुरू हुए इस अभियान के तहत 31 मार्च उत्तर प्रदेश में 2,88,70,495 किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अब तक 1,99,42,798 फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा चुकीं हैं।
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि रामपुर को 31 मार्च तक फार्मर रजिस्ट्री का कुल लक्ष्य 2,09,828 निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष 17 मार्च तक शत प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि रामपुर ने लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत 2,09,828 फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। इसी के साथ रामपुर ने प्रदेश में शत प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने में पहला स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी रामपुर प्रदेश में सर्वप्रथम 50 प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री को पूर्ण कर प्रथम पुरुस्कार प्राप्त कर चुका है। इसके अलावा गाजियाबाद ने निर्धारित लक्ष्य 38,909 के सापेक्ष अब तक 36,598 फार्मर आईडी बनाकर पूरे प्रदेश में दूसरा तथा अंबेडकरनगर ने 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य 3,42,847 के सापेक्ष 3,10,145 फार्मर आईडी बनाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं टॉप टेन में औरैया, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मीरजापुर और बिजनौर ने अपनी जगह बनाई है।
रामपुर प्रशासन ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। गांव-गांव में किसान गोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खुली चौपाल, वॉल पेंटिंग और प्रचार वाहनों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को घर-घर जाकर फार्मर आईडी बनाने की जिम्मेदारी दी गई।
ये भी पढ़ें :
हज यात्रा को तकनीकी सुविधाजनक बनाने पर जोर : यात्रियों को मिलेगी स्मार्ट घड़ी-आहार, चार्ज रखने की सलाह
