Bareilly : श्यामगंज में ''सिस्टम'' का सीवर लीक, सुबह-शाम लग रहा जाम
50 मीटर की सीवर लाइन ने हफ्ते भर से किया शहर का दम हलकान
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी का दम भरने वाले शहर के श्यामगंज चौराहे पर इन दिनों ''विकास'' का ऐसा सीवर लीक हुआ है कि पूरी व्यवस्था पर ही सवाल उठ रहे हैं। पिछले सप्ताह यह व्यस्ततम चौराहा खोदा गया, जो राहगीरों के लिए ''गले की फांस'' बन चुका है। काम कर रहे मजूदरों का कहना है कि करीब पांच दिन ओर लग सकते हैं, ऐसे में जनता को जाम का नरक ओर झेलना होगा।
सरकारी विभागों के बीच तालमेल की कमी का इससे बड़ा नमूना और क्या होगा कि जल कल शहरी ने सात महीने पहले ट्रंक सीवर का काम तो किया, लेकिन श्यामगंज में महज 50 मीटर की दूरी पर पाइप डालना भूल गया। इसकी कीमत आज इलाके के ढाई हजार परिवार चुका रहे हैं, जिनके घरों की जल निकासी महीनों से बाधित है। अब जब नगर निगम ने इस अधूरे काम को पूरा करने का बीड़ा उठाया है, तो उसकी कार्यशैली ने जनता का जीना दूभर कर दिया है। जेसीबी से बेतरतीब खुदाई कर चौराहे को जिस तरह आधा छोड़ दिया गया है, उसने मुख्य मार्ग को एक पतली गली में तब्दील कर दिया है, जहां सुबह से लेकर देर रात तक केवल रेंगते हुए वाहन और बेबस जनता दिखाई देती है। विभाग की इस सुस्ती ने न केवल यातायात को ठप किया है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों का धंधा भी धूल की परतों के नीचे दबा दिया है। इससे व्यापारियों के अलावा स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। फिलहाल, स्थिति यह है कि शहरवासियों के लिए श्यामगंज से गुजरना किसी सजा से कम नहीं है।
सीवर लाइन का कार्य जलकल विभाग के माध्यम से युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है और इसे जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते जनता को जाम की समस्या से कम से कम जूझना पड़े, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार मौके पर मुस्तैद है। -संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त।
