बरेली: कोविड है तो चेकिंग क्यों कर रहे हो, दूर रहो
बरेली, अमृत विचार। कोविड है तो दूर रहो। चेकिंग क्यों कर रहे हो। चेकिंग एक लोग करो। इतने सारे लोग क्यों कर रहे हो। मुझसे दूर रहो। हम क्या अपराधी हैं जो बाहर पीएसी बैठा रखी है। ये बातें बरेली कॉलेज में एक परीक्षार्थी ने मंगलवार को एलएलबी परीक्षा के दौरान चेकिंग करने वालों से …
बरेली, अमृत विचार। कोविड है तो दूर रहो। चेकिंग क्यों कर रहे हो। चेकिंग एक लोग करो। इतने सारे लोग क्यों कर रहे हो। मुझसे दूर रहो। हम क्या अपराधी हैं जो बाहर पीएसी बैठा रखी है। ये बातें बरेली कॉलेज में एक परीक्षार्थी ने मंगलवार को एलएलबी परीक्षा के दौरान चेकिंग करने वालों से कहीं।
वह सचल दल से भिड़ गया और जमकर हंगामा किया। उसने खुद को एक नेता का रिश्तेदार बताते हुए देख लेने की धमकी भी दी। सचल दल ने मंगलवार को एक-एक छात्र की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान एक परीक्षार्थी के पास नकल की पर्चिंया मिलीं। उसकी कॉपी सीज कर यूएफएम फार्म भरवाया गया है।
बरेली कॉलेज में एलएलबी की परीक्षा के दौरान जमकर नकल पकड़ी जा रही है। परीक्षा के दौरान एक छात्र नेता के हंगामे के बाद कॉलेज प्रशासन ने नकल रोकने को लेकर मंगलवार को सख्त तैयारी की। परीक्षा के दौरान करीब 50 लोगों का सचल दल तैयार किया गया।
सचल दल का नेतृत्व प्राचार्य डा. अनुराग मोहन और चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने किया। परीक्षा कक्ष में बैठे सभी छात्रों की चेकिंग की गई। प्राचार्य खुद ही आगे बढ़कर बंद खिड़कियों को खोल रहे थे। सभी को हिदायत दी जा रही थी कि किसी के पास मोबाइल या पर्स है तो तुरंत जमा कर दे। नहीं तो बाद में उसका मोबाइल व पर्स जब्त कर लिया जाएगा। एक कक्ष में चेकिंग के दौरान एक परीक्षार्थी ने बुखार होने की बात कही। जिसके बाद मौके पर डॉक्टर को बुलाया गया। उसके पास के कक्ष में एक परीक्षार्थी ने चेकिंग करने पर हंगामा शुरू कर दिया। वह तेज-तेज चिल्लाने लगा। तो आसपास के कुछ छात्र भी खड़े हो गए। पास के कक्ष से भी कुछ छात्र आ गए।
इस पर चीफ प्रॉक्टर ने फटकार लगाते हुए सबको वापस कर दिया। काफी देर के हंगामे के बाद भी उसकी पूरी चेकिंग की गई। उसके पास कोई नकल सामग्री नहीं मिली लेकिन वह कुछ देर बाद कापी जमा कर वहां से चला गया। उसके बाद सचल दल ऊपरी मंजिल पर चेकिंग करने पहुंचा तो एक कक्ष में एक परीक्षार्थी के पास नकल की दो पर्चिंया मिल गईं। उसने पर्ची पर बहुत ही छोटे-छोटे अक्षरों में लिखा था। उसका यूएफएम फार्म भरवाया गया। दोपहर एक बजे के बाद दोबारा सभी परीक्षार्थियों की जांच की गई।
शौचालय में मिली पर्चियों को जलाया
परीक्षा शुरू होने के बाद सचल दल के निर्देश पर सभी शौचालयों की भी सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान शौचालय में काफी संख्या में पर्चियां, मॉडल पेपर व अन्य सामग्री मिली। सभी को बाहर निकालकर जला दिया गया। सघन चेकिंग के बाद कुछ छात्र शौचालय के बहाने बाहर आए और नकल सामग्री तलाशने लगे। नकल सामग्री न मिलने पर निराश होकर लौट गए।
