Sambhal : भाकियू असली जिलाध्यक्ष सहित 5 पदाधिकारी गिरफ्तार, 55 हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह की भी तलाश, जूनावई में अवैध खनन का आरोप लगा दे रहे थे धरना

संभल, अमृत विचार। गंगा में अवैध बालू खनन के आरोप को लेकर महापंचायत के बाद धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन (असली) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने संगठन के राष्ट्रीय महासचिव और जिला अध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों को रंगदारी मांगने सहित गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया है, जबकि 55 कार्यकर्ताओं को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह की भी तलाश की जा रही है।

बुधवार को जुनावई क्षेत्र में गंगा किनारे उस स्थान पर महापंचायत आयोजित की गई थी। महापंचायत में भाकियू (असली) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान और पदाधिकारी मौजूद रहे। किसान नेताओं का आरोप था कि बुलंदशहर जनपद के नाम पर जारी खनन पट्टे की आड़ में संभल जनपद की सीमा में गंगा से बालू का अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे बरसात के दौरान आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। मौके पर पहुंचे गुन्नौर के एसडीएम ने किसानों से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि डिजिटल पैमाइश के आधार पर खनन बुलंदशहर जनपद की सीमा के भीतर ही हो रहा है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करने का प्रयास किया, लेकिन किसान नेता इस दलील से सहमत नहीं हुए और मैन्युअल सीमांकन कराने की मांग पर अड़े रहे।

वार्ता विफल होने के बाद किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। बुधवार आधी रात के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम धरना स्थल पर पहुंची और वहां लगे टेंट व अन्य व्यवस्थाएं हटवा दीं। इसके साथ ही धरना दे रहे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। गुरुवार को प्रशासन ने बताया कि कुल 55 लोगों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया है। भाकियू (असली) के राष्ट्रीय महासचिव ऋषिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, केदारी सिंह, सुभाष और दिलीप उर्फ टीटू को खनन रोकने की धमकी देकर रंगदारी मांगने सहित अन्य गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। किसान नेताओं का आरोप है कि वे केवल अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठा रहे थे और प्रशासन उनकी बात सुनने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई नेकहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और रंगदारी मांगने जैसी गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अवैध उगाही व रंगदारी मांगने पर हुई गिरफ्तारी : एसपी
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि खनन कार्य में लगे वाहनों को रोककर जबरन वसूली करने के आरोप सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि विपिन कुमार उर्फ मोनू निवासी ग्राम ततारपुर, थाना हापुड़ देहात द्वारा थाना जुनावई में तहरीर देकर कहा गया कि वह शासन द्वारा निर्गत पट्टे के अनुसार मौरंग का खनन कर रहा है और निर्धारित शासकीय शुल्क भी जमा कर रहा है। इसके बावजूद कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उसके ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर को जबरन रोककर उनसे अवैध वसूली कर रहे थे। थाना प्रभारी की जांच में पाया गया कि कुछ वाहनों को रोका गया था और उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास भी किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से केदारी सिंह पर पहले से ही गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और हत्या के प्रयास (धारा 307) समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सुभाष, राजपाल सिंह यादव, ऋषिपाल सिंह और दिलीप उर्फ टीटू पर भी दो-दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने जिन 55 अन्य को हिरासत में लिया है उन पर खनन कार्य में लगे लोगों को परेशान करने और अवरोध उत्पन्न करने का आरोप है।

संबंधित समाचार