ईद-उल-फितर आज : बड़ी ईदगाह में सुबह 8 बजे, दूसरी नमाज 10.30 बजे, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
कानपुर, अमृत विचार। अल्लाह की जानिब से रोजेदारों को इनाम मिलने का दिन ईद-उल-फितर की नमाज शनिवार को अदा की जाएगी। शहर की ईदगाहों व मस्जिदों में बड़े पैमाने पर नमाज की तैयारियां की गई हैं। बकरमंडी स्थित बड़ी ईदगाह में दो बार नमाज होगी। पहली नमाज सुबह 8 बजे और दूसरी नमाज सुबह 10.30 बजे होगी। बड़ी ईदगाह के मुतवल्ली अयाज आलम जफर ने बताया कि सुबह 8 बजे हाफिज व कारी सुब्हान इलाही नक्शबंदी नमाज अदा कराएंगे जबकि दूसरी नमाज सुबह 10.30 बजे हाफिज व कारी अकरम इलाही नमाज अदा कराएंगे।
इसी प्रकार गद्दियाना ईदगाह में मौलाना हाशिम अशरफी सुबह 8.30 बजे नमाज पढ़ाएंगे। ऐसे ही उसमानपुर ईदगाह, बगाही ईदगाह, रोशन नगर ईदगाह, मछरिया ईदगाह के अतिरिक्त शहर की 500 से अधिक मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। कई मस्जिदों में दो दो बार नमाज होगी ताकि लोग सड़क पर नमाज नहीं पढ़ें।
500 लोग एक साथ करेंगे वजू, 43 चबूतरों से तकबीर
बड़ी ईदगाह में तीन वजूखाना बनाया गया है, इन वजूखाना में 500 नमाजी एक साथ वजू बना सकेंगे। इसी प्रकार ईदगाह के अंदर 43 चबूतरे तैयार हैं, पेशइमाम जब नमाज पढ़ाएंगे तो इन चबूतरों पर इमाम साहब के सहायक खड़े होकर पेशइमाम की तकबीर को जोर से दोहरायेंगे ताकि सभी नमाजियों तक तकबीर पहुंच जाए।
50 से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी, 20 फिट की ऊंचाई से सुरक्षा
बड़ी ईदगाह में 50 से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी लगाये गये हैं ताकि शरारतीतत्वों पर नजर रखी जा सके। ईदगाह के बाहर कॉलोनी पर भी सुरक्षा कर्मी दूरबीन के साथ तैनात रहेंगे। इसी प्रकार ईदगाह के सभी गेटों पर मेटल डिटेक्टर रहेगा जिससे होकर नमाजियों को ईदगाह के अंदर प्रवेश मिलेगा। प्रशासनिक कैंप में सीसीटीवी कैमरे का कंट्रोल रुम रहेगा जिससे नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त बड़ी ईदगाह प्रबंध कमेटी की टीम नमाज के दौरान सुरक्षा के लिहाज से तैनात रहेगी। किसी को पॉलीथिन में जा-नमाज या कोई भी वस्तु लाने की इजाजत नहीं है।
नगर निगम टीम आवारा जानवर पकड़ने को तैनात रहेगी
शहर की सभी ईदगाहों के आसपास नगर निगम की टीम जाल के साथ मौजूद रहेगी ताकि नमाज के दौरान कोई भी जानवर अंदर नहीं आ सके। इसके अतिरिक्त सुअरों को पहले ही क्षेत्रीय थानास्तर पर बाड़ों में बंद करा दिया गया है।
सुजातगंज, रेलबाजार में महिलाएं भी पढ़ेंगी नमाज
ईद-उल-फितर की नमाज रेलबाजार स्थित मास्टर अब्दुल करीम ईदगाह और सुजातगंज ईदगाह में पुरुषों के साथ साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी पर्दे के पीछे से नमाज अदा कराएंगी। इन दोनों ईदगाहों में पर्दे का ख्याल रखते हुए कड़े बंदोबस्त किये गये हैं।
शिया समुदाय सादगी से मनाएगा ईद, काली पट्टी बांधेंगे
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनाई की शहादत के गम में शिया समुदाय के लोग ईद की नमाज काली पट्टी बांधकर अदा करेंगे और ईद की कोई खुशी नहीं मनाएंगे। ऑल इंडिया शिया युवा यूनिट के महासचिव नायाब आलम ने बताया कि शहर की शिया समुदाय के लोग इस इस साल ईद का त्योहार बेहद सादगी से मनाया जाएगा और अमेरिका और इजरायल का विरोध करने के लिए काली पट्टी बांध कर नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल ईद पर ना तो नए कपड़े पहने जाएंगे और ना ही सेवाइयाँ बनाई जाएगी। हम ऐसा कोई भी काम नहीं करेंगे जिससे खुशी जाहिर हो। बेहद सादगी के साथ नमाज अदा की जाएगी और दुनिया में अमन शांति के लिए दुआ की जाएगी।
बड़ी करबला में ईद की नमाज सुबह 10.30 बजे
शिया समुदाय की मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। नवाबगंज स्थित बड़ी करबला में ईद की नमाज सुबह 10.30 बजे होगी। जबकि शिया जुमा जामा मस्जिद ग्वालटोली में पहली नमाज सुबह 8 बजे एवं दूसरी नमाज सुबह 11 बजे होगी मस्जिद कुरसवां पटकापुर, मस्जिद अहलेबैत बेकनगंज,त मस्जिद अजाखाना जैनुल आब्दीन में सुबह 8 बजे नमाज होगी। मकतबा इमामिया अजीतगंज, मकतबा इमामिया जूही सफेद कालोनी,फिदा-ए ईमान बैतुत सलात पोखपुर में सुबह 8.30 बजे नमाज होगी।
