लखनऊ में दिखा चांद, ईद कल : सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

एक डीसीपी, 6 एडीसीपी और 13 एसीपी समेत तीन हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात

लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में शुक्रवार को ईद का चांद नजर आया है, जिसके बाद अब कल ईद मनायी जायेगी। धर्मगुरुओं ने कहा है कि नमाज के लिए जरूरी गाइडलाइन का पालन करें। वहीं ईद-उल-फितर (ईद) की नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं।

शनिवार को 94 ईदगाह और 1200 मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। महत्वपूर्ण स्थल टीले वाली मस्जिद, इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद, ऐशबाग ईदगाह, अतिसंवेदन व संवेदनशील स्थलों पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी व अर्धसैनिक बल के जवान लगाए गये हैं। सभी प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी शुरू हो गई है। आसपास के इलाके में सीसीटीवी कैमरों के जरिये कंट्रोल से टीम संदिग्धों पर नजर रखे हैं।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार के मुताबिक ईद की नमाज शहर में 94 ईदगाह और 1200 से अधिक मस्जिदों में पढ़ी जाएगी। इसको लेकर शहर को पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने पश्चिम क्षेत्र के संवेदनशील और नमाज स्थलों पर चेकिंग की।

गलियों में अर्धसैनिक बल के साथ रूट मार्च किया, पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बाजार, मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इसके अलावा सभी जोन में अधिकारियों और थानाप्रभारियों ने संवेदनशील स्थलों और मुख्य मार्ग पर रूट मार्च किया। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। मौलानाओं से मिलकर मुबारकबाद दी। उन्होंने बताया कि 15 राजपत्रित अधिकारी, एक हजार अराजपत्रित अधिकारी, 14 कंपनी पीएसी, एक कंपनी एसएसबी, सभी थानों का पुलिस बल, एंटी रोमियो स्क्वायड, पिंक पेट्रोल/112 और एलआइयू की टीम मुस्तैद की गई है।

ये भी पढ़ें : ऑनलाइन खाना मंगाना हुआ महंगा, जोमैटो ने बढ़ायी प्लेटफार्म फीस, जानिए अब हर आर्डर पर देना होगा कितना शुल्क

 

संबंधित समाचार