काशी में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला बाइक रैली का आयोजन, पुलिस आयुक्त ने रैली को दिखाई हरी झंडी
वाराणसीः पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के निर्देशन में 'मिशन शक्ति 5.0' के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए रविवार को महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एक जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। प्रत्येक महिला तक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है। रैली रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस लाइन, पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी, अंबेडकर चौराहा, जे.पी. मेहता, दैत्रावीर, भोजूबीर दूधसट्टी, अर्दली बाजार होते हुए पुनः पुलिस लाइन लौटकर सम्पन्न हुई। रैली में महिला पुलिस बल के साथ पीआरवी 112 की भी सक्रिय सहभागिता रही।
इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्म-सम्मान, सुरक्षा एवं स्वावलंबन की भावना जागृत करना, समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करना तथा हेल्पलाइन नंबर 1090, 1930 और 112 के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना था।
