UP: पीटीआर में वन्यजीव प्रबंधन के गुर सीखेंगे आईवीआरआई के स्टूडेंट
पीलीभीत, अमृत विचार। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान बरेली के पीजी डिप्लोमा (वाइल्डलाइफ हेल्थ मैनेजमेंट) के छात्र इसी सप्ताह पीलीभीत टाइगर रिजर्व में फील्ड एक्सपोजर के लिए पहुंचेंगे। संस्थान की ओर से छात्रों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन से अनुमति मांगी गई है, ताकि जमीनी स्तर पर संरक्षण और प्रबंधन की चुनौतियों को समझा जा सके।
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली में चालू शैक्षणिक सत्र में वाइल्ड लाइफ हेल्थ मैनेजमेंट डिप्लोमा में 28 छात्र नामांकित हैं। इन छात्रों की प्रयोगात्मक कक्षाएं 23 से 29 मार्च तक आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में यह सभी छात्र पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक्सपोजर विजिट के लिए आ रहे हैं। 28 छात्रों का दल 25 व 26 मार्च को पीलीभीत टाइगर रिजर्व का दौरा करेगा।
संस्थान ने टाइगर रिजर्व प्रशासन से अनुरोध किया है कि छात्रों के साथ बातचीत के लिए एक पशु चिकित्सा अधिकारी को भी नियुक्त किया जाए, जो उन्हें टाइगर रिजर्व में अपनाई जाने वाली स्वास्थ्य प्रबंधन पद्धतियों की जानकारी दे सकें। इसकी पुष्टि करते हुए पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि आईवीआरआई के छात्रों के शैक्षिक भ्रमण के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है। वन्यजीवों के स्वास्थ्य और संरक्षण के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण एकेडेमिक गतिविधि है। टाइगर रिजर्व प्रशासन छात्रों को हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेगा ताकि वे फील्ड में वन्यजीवों की देखभाल और प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं को बेहतर ढंग से सीख सकें।
