कानपुर : सेवानिवृत्त आईएएस के बंद मकान में चोरी, लखनऊ में रहता है परिवार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी में चोरों ने एक सेवानिवृत्त आईएएस के बंद मकान को निशाना बनाया और पांच हजार रुपये समेत कुछ सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे और लौटना पड़ा। सेवानिवृत्त आईएएस कई सालों से अपने परिवार के साथ लखनऊ में रह रहे हैं। यहां पर मकान की देखरेख उनके एक परिचित रहा करते हैं। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की है। पुलिस के अनुसार राजीव शर्मा कानपुर में सीडीओ के पद पर भी रह चुके हैं। कृष्णापुरम निवासी राजीव शर्मा सेवानिवृत्त आईएएस हैं। मौजूदा समय वह परिवार के साथ लखनऊ के वृंदावन आकाश एन्क्लेव में रहते हैं। यहां उनके मकान में ताला लगा रहता है। राजीव शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर के अनुसार बताया कि उनके मकान की देखरेख उनकी पहचान के मोनू रस्तोगी और मधु गुप्ता करते हैं। 

बीती 19 मार्च की शाम मोनू रस्तोगी जब ताला खोलकर मकान के अंदर गए तो मकान के पीछे बाथरूम की जाली टूटी मिली। जिससे स्पष्ट हो गया कि चोर जाली तोड़कर अंदर दाखिल हुए फिर चोरों ने एक पीतल का जग, गैस के दो बर्नर, पांच हजार रुपये और एक मोबाइल चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने कमरो में दाखिल होने के बाद दरवाजे को तोड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन असफल होने पर लौट गए। 

राजीव शर्मा के अनुसार इससे पहले भी चोर दो बार चोरी का प्रयास कर चुके हैं। घटना के बाद मोनू व राजीव शर्मा ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। आसपास के लोगों ने बताया कि मकान मालिक करीब दस साल से परिवार के साथ लखनऊ में ही रह रहे हैं। यहां पर कभी देखरेख के लिए आते हैं। लोगों ने बताया कि राजीव शर्मा कानपुर में सीडीओ रह चुके हैं। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार