अवैध संबंध : प्रेमी संग बांधे सास के हाथ-पैर, बहू ने साड़ी से घोंट दिया गला
लखनऊ, अमृत विचार: अवैध संबंधों में रोड़ा बनने पर शनिवार को बहू ने किराएदार प्रेमी के साथ मिलकर साड़ी से गला घोटकर सास की हत्या कर दी। वारदात को लूट दिखाने के लिए घर के जेवर समेटे और सामान बिखेर दिया। पुलिस को सीसीटीवी में दो घंटे की रिकार्डिंग न मिलने और डॉग स्क्वायड बहू और उसके प्रेमी के आसपास मंडराने से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने सच उगल दिया। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि पौत्र की तहरीर पर मृतका की बहू और किराएदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से 297.160 ग्राम चांदी और 17.570 ग्राम सोने के जेवर भी बरामद किए गए हैं।
निशातगंज की गली नंबर-3 में निर्मला देवी (69) का मकान है। वह भूतल पर रहती थीं। उनके परिवार में बेटा त्रिदेश, बहू रंजना, पौत्र आदित्य, पोती अंशिका और सानवी हैं। बेटा बिजली विभाग में संविदाकर्मी और पौत्र डिलीवरी ब्वाय है। सचिवालय से सेवानिवृत्त पति राजाराम की ढाई वर्ष पहले मौत हो गई थी। निर्माला के मकान के पहले तल पर राजन शर्मा, विनोद यादव, जीतू, मनीष, पिंटू गौर, राम अचल यादव, श्रवण कुमार, कमलेश कुमार किराए पर रहते थे। शनिवार को निर्मला का बेटा और पौत्र ड्यूटी पर गए थे। निर्मला, बहू रंजना और छोटी पौत्री सानवी घर पर थी। बड़ी पौत्री अंशिका मामा के घर उन्नाव में है।
शाम करीब 4 बजे आदित्य घर पहुंचा। दादी निर्मला के हाथ-पैर बंधे थे। उसने दादी को आवाज दी और हिलाया डुलाया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। आदित्य के शोर मचाने पर पहले तल पर मौजूद किराएदार और आस-पास के लोग पहुंच गए। आदित्य ने पिता को फोन पर सूचना दी और मां रंजना से भी फोन पर उनकी लोकेशन पूछी। रंजना ने बताया कि कुछ दूरी पर है। थोड़ी ही देर में वह घर पहुंच गई। सूचना मिलने पर महानगर पुलिस भी पहुंच गई। घर में सामान बिखरा हुआ था। साड़ी से गला घोंटकर निर्मला की हत्या की गई थी।
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। उसमें दोपहर 2 बजे से 4 बजे की रिकार्डिंग नहीं थी। छानबीन में पता चला कि सीसीटीवी कैमरों को बंद किया था। इसके बाद पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच कोई भी बाहरी व्यक्ति निर्मला के घर जाते नहीं दिखाई दिया। इससे पुलिस को शक हुआ कि वारदात में घर का ही कोई व्यक्ति ही शामिल है। मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में किराएदार राजन शर्मा और रंजना जाते दिखाई दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेसिंक टीम भी बुलाई। डॉग स्क्वायड बार-बार घूम फिर के किराएदार राजन शर्मा और बहू रंजना के पास जाकर मंडराने लगा। जिससे राजन घबरा रहा था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, डॉग स्क्वायड के बार-बार मंडराने के चलते पुलिस का शक राजन और रंजना पर गहरा गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो दोनों ने लूटपाट के दौरान हत्या की बात कहते रहे। अलग-अलग पूछताछ करने पर बयान विरोधाभासी दिए। पुलिस ने कुछ सख्ती की तो दोनों ने निर्मला की हत्या करना कबूल कर लिया।
तीन दिन पहले रची थी हत्या की साजिश
बिहार के सिवान निवासी ओला टैक्सी चालक राजन शर्मा दो वर्ष से निर्मला के घर पर किराये पर रह रहा था। बातचीत शुरू होने के बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ी और अवैध संबंध हो गए। निर्मला ने दोनों को कई बार रंगे हाथों पकड़ा था। वह अवैध संबंध का विरोध करती थी। जानकारी होने पर रंजना और त्रिदेश में विवाद भी होता था। निर्मला रंजना को फटकार देती थीं। अवैध संबंधों में बाधक बनने पर तीन दिन पहले प्रेमी के साथ मिलकर रंजना ने सास निर्मला की हत्या की साजिश रची। राजन ने कबूला कि निर्मला ने उससे कई बार मकान खाली करने को कहा था। निर्मला सतसंग जाती थी। वहां उसने महिलाओं और लोगों को उनके प्रेम प्रसंग के बारे में बता दिया था। इससे उसकी बदनामी हो रही थी।
बेटी को लेकर प्रेमी संग शहर से भागने की फिराक में थी
आरोपी ने कबूला कि पहले निर्मला के हाथ और पैर बांध फिर साड़ी से गला कस कर हत्या कर दी। इसके बाद रंजना में रखे जेवर समेटे और सामान बिखरा दिया। जेवर एक परिचित के यहां छिपा दिए थे। रंजना ने पुलिस को बताया कि बेटे आदित्य को दबाव बनाकर ड्यूटी पर भेजा था। उसके साथ किराएदार पिंटू को भी भेजा। हत्या के बाद रंजना ने बेटी सानवी को लिया और राजन के साथ कार से शहर से बाहर जाने लगी। पारा पहुंचते ही आदित्य का फोन आ गया। किसी को शक न हो इसलिए दोनों लौट आए थे।
मोबाइल में ले लिया था पूरा एक्सेस
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उसने घर में लगे सीसीटीवी का पूरा कंट्रोल अपने मोबाइल पर ले रखा था। उसी ने निर्मला की हत्या के दौरान सीसीटीवी कैमरों को अपने मोबाइल से बंद कर दिया था। बच्ची ने बताया कि दादा भी दुर्घटना का शिकार हुए थे । वह एक वैवाहिक कार्यक्रम से आने के बाद काम से निकल थे। कुछ देर बाद घटना की सूचना मिली थी। उनके सिर में भी गंभीर चोट के निशान थे। जिससे उनकी मौत हो गई थी।
रंजना की दिलाई कार टैक्सी में चलाता था राजन
आरोपी राजन क्रिकेटर भी रहा है। अंडर 16 क्रिकेट टीम में खेला था। आगे सेलेक्शन न होने पर उसने क्रिकेट छोड़ दिया। रंजना के घर में किराए पर रह रहा था। राजन कुछ करता नहीं था। इसके चलते कुछ महीने पहले रंजना ने अपने रुपयों से कार दिलाई थी। जिसके बाद वह ओला में गाड़ी चलाता था। उसी से दोनों घूमने भी जाते थे।
