कानपुर : बिल्हौर थाना निर्माण में मिली कमियां मिलीं, डीएम ने दिए सुधार के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में निर्माणाधीन थाना भवन एवं आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माण कार्य में कमियां पाते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। 

गृह विभाग की थानों के आधुनिकीकरण योजना के तहत इस परियोजना के लिए करीब 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 19 दिसंबर 2024 से शुरू हुआ निर्माण कार्य वर्तमान में अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान दरवाजों, कब्जों और फिनिशिंग से जुड़ी खामियां सामने आईं, जिन्हें सी एंड डी एस यूनिट-05, जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। 

परियोजना के अंतर्गत थाना परिसर का निर्माण आधुनिक मॉडल डिजाइन पर किया जा रहा है, जबकि आवासीय परिसर में टाइप-बी के लगभग 26 आवास बनाए जा रहे हैं। आवासीय भवनों पर करीब 8.80 करोड़ रुपये और अनावासीय भवनों पर लगभग 7.65 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। 

जिलाधिकारी ने थाना परिसर को जीटी रोड से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-2) को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुगम हो सके। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।  

संबंधित समाचार