कानपुर : प्रेमिका ने मैसेज का नहीं दिया जवाब तो युवक ने की सुसाइड, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। किसी के जाने पर मैं तंग आ गया हूं... इसलिए अपने आप को खत्म कर रहा हूं। रावतपुर में युवक ने अपने वाट्सएप स्टेटस पर दो-तीन लाइनें लिखकर फंदे से लटक गया। आत्महत्या से पहले युवक ने अपनी प्रेमिका को पंखे से लटकता हुआ फंदे का वीडियो बनाकर भी भेजा, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। स्टेटस देखकर दोस्त ने उसके परिजनों को भागकर बताया। घरवाले जब तक मौके पर पहुंचे, युवक की सांसे थम चुकी थीं। परिजनों में चींख-पुकार मच गई। पुलिस ने जांच-पड़ताला की।  

मूलरूप से बलिया के चंदवार गांव निवासी 29 वर्षीय लकी सिंह रावतपुर में छपेड़ा पुलिया के पास स्थित बाबा आनंदेश्वर भोजनालय में केयर टेकर का काम करता था। उसके माता-पिता की मौत के बाद उसके फूफा बृजेश ने उसकी परवरिश की। वह फूफा के घर पर 2014 से रह रहा था। बृजेश ने बताया कि बीती जनवरी माह में वह बर्रा की एक युवती के संपर्क में आया था। तबसे उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती की शादी तय होने के बाद वह तनाव में रहने लगा था।

उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को वह पत्नी सुनीता के साथ लखनऊ में बक्शी का तालाब स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे, जबकि उनका बेटा आर्यन घर पर ही था। आर्यन ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह रोटी लेने भोजनालय गया था, तब उसने रोटी बनाते हुए लकी का वीडियो भी बनाया था। आर्यन के अनुसार उस समय वह तनाव में नहीं था। रात करीब 11 बजे रोटी लेकर वह घर आया। इसके बाद लकी ने भोजनालय में लगे पंखे पर फंदा बांधा। उसका वीडियो बनाकर प्रेमिका को भेजा। फिर अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया।

इसी बीच लकी के दोस्त मोहित ने स्टेटस देख तो इसकी जानकारी दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, उसकी सांसे थम चुकी थीं। बृजेश ने बताया कि लकी को अर्थ मूवर्स का कोर्स कराया था। उसकी विदेश में नौकरी लगने वाली थी। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि जांच कर शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। 

स्टेटस पर लिखा 

युवक ने स्टेटस पर लिखा कि मैं अपनी लाइफ बिना किसी दबाव व कहे, किसी के जाने पर खत्म कर रहा हूं। प्लीज किसी पर कोई कार्रवाई न की जाए। क्योंकि सबने मेरा साथ दिया। अपनी लाइफ से मैं तंग आ गया हूं, इसलिए अपने आप को खत्म कर रहा हूं। 

क्या है अर्थ मूवर्स कोर्स 

एक तकनीकी व व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जो व्यक्तियों को भारी मशीनरी जैसे कि एक्सकेवेटर, जेसीबी, बुलडोजर, लोडर को सुरक्षित एवं कुशलता से चलाने के लिए तैयार करता है। यह कोर्स खुदाई और मिट्टी हटाने के कामों के लिए जरूरी ड्राइविंग व तकनीकी का कौशल सिखाता है।

संबंधित समाचार