Bareilly: मेरा पति जल्लाद था...अच्छा हुआ मारा गया, अफसर के एनकाउंटर पर बोली सायमा
बरेली, अमृत विचार। दोहरे हत्याकांड के आरोपी अफसर की मौत की खबर पर उसकी पत्नी सायमा ने खुशी जताते हुए अल्लाह का शुक्र अदा किया है। सायमा का कहना है कि पति की मौत से उसे कोई फर्क नहीं पड़ता, वह जल्लाद था। वहीं उसने एनकाउंटर करने वाली बरेली पुलिस का भी शुक्रिया अदा किया है। पति के हमले में घायल सायमा अस्पताल में भर्ती है। उसने बताया कि उसका पति बच्चों और उसके साथ आए दिन मारपीट करता था।
सायमा को मंगलवार को जब पति के एनकाउंटर में मारे जाने की खबर मिली तो उसने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि वह मर गया। महिला ने बताया कि उसका पति जल्लाद था। वह आए दिन बच्चों और उसकी गर्दन पर चाकू रखकर मारने की धमकी देता था, लेकिन अब वह और उसके बच्चे सुरक्षित हैं। सायमा ने आगे कहा कि बरेली पुलिस का बहुत शुक्रिया वह पुलिस के पैर पकड़कर उनका शुक्रिया अदा करना चाहती है। अस्पताल में भर्ती सायमा की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके सीने और पेट में गहरी चोट है। डाक्टरों की टीम उसकी निगरानी में लगी हुई है।
पुलिस की मौजदूगी में एक साथ उठे मां-बेटे के जनाजे
आरोपी अफसर ने सोमवार दोपहर भरी पंचायत में खूनी खेल खेला था। उसने चाकू से गोदकर अपनी सास आसमां और साले आदिल की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम होने के बाद मंगलवार को जब आदिल और उसकी मां आसमां का जनाजा गांव पहुंचा तो मातम छा गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया था। मां-बेटे के जनाजे एक साथ उठने पर हर किसी की आंख नम हो गई। मां-बेटे को गांव के ही कब्रिस्तान में गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
पीड़ित परिवार बोला आरोपी को मिली सजा, परिजनों ने उठाए सवाल
आरोपी अफसर खां के एनकाउंटर पर सायमा के मायके वालों ने संतुष्टि जाहिर की। पिता नन्हे खां ने कहा कि वह पुलिस के शुक्रगुजार हैं। आरोपी को उसके किए की सजा मिली है, लेकिन अफसर के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए है। जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर अफसर के बड़े भाई कौसर खां ने बताया कि सोमवार को जहां पर पंचायत हुई थी वहां पर उनके परिवार से अफसर के अलावा कोई अन्य मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि जिसने अपने घर पर पंचायत की है वह जानें उनके घर पर क्या हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि अफसर की पत्नी और साला उसकी हत्या करना चाह रहा थे। कौसर खां ने कहा कि उन्हें सुबह 9 बजे एनकाउंटर की सूचना मिली। अफसर का पंचायतनामा उसके भाई, भतीजे, चाचा, फूफा और फुफेरे भाई ने भरवाया है।
पुलिस ने पांच महीने में किया दूसरा फुल एनकाउंटर
बरेली पुलिस ने पांच महीने के भीतर दूसरा फुल एनकाउंटर करके अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है। इससे पहले पुलिस ने 9 अक्टूबर 2025 की सुबह पुलिस और एसओजी की टीम ने 1 लाख रुपये के इनामी कुख्यात डकैत इफ्तेखार उर्फ शैतान को नैनीताल हाईवे पर बिलवा पुल के पास एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। कासगंज निवासी शैतान पर 7 जिलों में हत्या और लूट के 19 मुकदमे थे और वह 2012 से फरार था और वह नाम बदलकर वारदात करता था। अब पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी अफसर का भी फुल एनकाउंटर किया है।
