कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना होती है राष्ट्रभक्ति: CM योगी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य यात्रा 6.0 में कार्यकर्ताओं का सम्मान, सेवा भाव पर जोर

लखनऊ, अमृत विचार: श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास और नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य यात्रा 6.0 के कार्यकर्ता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा और राष्ट्रभक्ति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल नारों से नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने से होती है।

सीएमएस गोमतीनगर विस्तार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य यात्रा से जुड़े स्वयंसेवकों और संगठनों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान सीमावर्ती और जनजातीय क्षेत्रों में जाकर उन लोगों तक चिकित्सा सेवा पहुंचा रहा है, जिन्हें सामान्यतः सुविधाएं नहीं मिल पातीं। उन्होंने बताया कि यह यात्रा शुरुआती दौर में 23 हजार मरीजों के उपचार से शुरू होकर अब 2.66 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है।

योगी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने थारू और वनटांगिया समाज के विकास का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार ने इन समुदायों के लिए आवास, बिजली, स्वास्थ्य कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे अपनी ओपीडी तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर सेवा कार्यों में योगदान दें और हर माह एक दिन समाज सेवा को समर्पित करें।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने कहा कि समाज की सच्ची जागृति तब होती है, जब लोग दूसरों के दुख को अपना मानकर सेवा के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर रहने वाले लोगों की सेवा करना हमारा धर्म है और नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन के डॉक्टर दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में जाकर यही कार्य कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सेवा भाव को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि समाज ने जो दिया है, उसे समाज को लौटाना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और संसाधनों का उपयोग समाज के कमजोर वर्गों के हित में करें।

कार्यक्रम में भारत माता, भगवान धन्वंतरि, स्वामी विवेकानंद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति, चिकित्सक और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। समारोह में सेवा कार्यों से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया गया।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

142 BPHU से ब्लॉक स्तर तक हाईटेक होगी स्वास्थ्य सेवाएं, हर ब्लॉक में बनेगी आधुनिक पब्लिक हेल्थ यूनिट, जानें क्या मिलेंगी सुविधाएं
वेस्ट यूपी की बिजली सेवा ने किया कमाल... हरियाणा, असम और आंध्र प्रदेश को भी पीछे छोड़ा, केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय ने जारी की रेटिंग
स्वास्थ्य सेवाओं में उत्तर प्रदेश बना देश में अग्रणी, 5.76 करोड़ इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड, डिजिटल हेल्थ में किया टॉप
सरकारी योजनाओं ने बदली किस्मत: सोमा की गुड़ से 90 हजार मासिक कमाई, अनीता बनीं ‘लखपति दीदी’
सोलर पावर से चमका युवा का आइडिया... छात्र का ‘सोलर लाइट-प्रोजेक्शन फ्रेम’ अब स्टार्टअप बनने को तैयार, देखें क्यों है खास