सऊदी अरब से सीतापुर पंहुचा यूपी के युवक का शव, मिसाइल हमले में हुई थी मौत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सीतापुर। सऊदी अरब के रियाद में इस महीने की शुरुआत में एक संदिग्ध मिसाइल हमले में मारे गए उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय व्यक्ति का शव बुधवार को सीतापुर में उसके पैतृक गांव लाया गया। व्यक्ति के परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघैन गांव के निवासी रवि गोपाल सितंबर 2025 से रियाद में प्लास्टिक की एक फैक्टरी में वाहन चालक के रूप में काम कर रहे थे। 

गोपाल के परिवार के अनुसार, फैक्टरी के पास हुए मिसाइल हमले में 18 मार्च की रात को उनकी मौत हो गयी। गोपाल के बड़े भाई मनमोहन दयाल ने बताया कि उनके छोटे भाई का शव प्रशासन की मदद से बुधवार सुबह लखनऊ में उन्हें सौंप दिया गया। उन्होंने पहले कहा था, "शव सुबह करीब साढ़े नौ बजे मिला। अब हम इसे अपने गांव ले जा रहे हैं और हम संभवत: दोपहर तक वहां पहुंच जाएंगे।...अंतिम संस्कार आज होगा और गांव में पहले से ही तैयारी की जा रही है।'' 

दयाल ने बताया कि इस दौरान कोई समस्या नहीं हो, यह सुनिश्चित करने के लिए महमूदाबाद के नायब तहसीलदार राकेश कुमार को तैनात किया गया और वह काफिले के साथ रहे। उन्होंने कहा कि परिवार को दूतावास के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने पहले ही सूचित कर दिया था कि शव रियाद से बुधवार सुबह तक लखनऊ लाया जाएगा। 

इससे पहले, परिवार ने दावा किया था कि गोपाल जिस फैक्टरी में काम करते थे, उसके पास मिसाइल हमले के बाद मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई थी। उन्हें हमले के बाद अस्पताल ले जाया गया था जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उसे 18 मार्च को रियाद में "एक भारतीय नागरिक के दुखद निधन" के बारे में जानकारी मिली। उसने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। 

रियाद में भारतीय मिशन ने शव को भारत वापस लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय किया। गोपाल अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और चार साल का बेटा है। गोपाल के परिवार ने प्रशासन से मुआवजे और सहायता की मांग की है। अधिकारियों ने कहा कि औपचारिकताओं को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में है।

ये भी पढ़ें  :
मैनपुरी में मधुमक्खियों का हमला: खेत में काम कर रहे किसान की मौत, अन्य ग्रामीण घायल 

संबंधित समाचार