Stock market closed: लगातार दूसरे दिन शेयर बाजारों में तेजी, 1,205 अंक चढ़ा सेंसेक्स; बढ़त के साथ बंद हुआ निफ्टी
मुंबई। विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 1,205 अंक (1.63 प्रतिशत) चढ़कर 75,273.45 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 394.05 अंक यानी 1.72 प्रतिशत ऊपर 23,306.45 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर भी दोनों प्रमुख सूचकांक 1.8 प्रतिशत के आसपास चढ़े थे।
पश्चिम एशिया में ईरान युद्ध को लेकर शांति वार्ता की उम्मीद में शेयर बाजारों में तेजी लौटी है। मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.07 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.59 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, ऑटो, वित्त, बैंकिंग, धातु, फार्मा, रियलटी, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक दो फीसदी से अधिक चढ़े।
तेल एवं गैस, मीडिया और आईटी समूहों में भी तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर करीब साढ़े चार प्रतिशत की बढ़त में रहा। बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टाइटन, इंडिगो, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयर तीन से चार प्रतिशत चढ़े। भारतीय स्टेट बैंक, सनफार्मा, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, बजाज फिनसर्व, अडानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और एचडीएफसी बैंक के शेयर ऊपर रहे।
इटरनल, भारती एयरटेल, मारुति सुजुकी, आईटीसी और कोटक महिंद्रा बैंक में एक से दो प्रतिशत तक की तेजी रही। एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी ऊपर बंद हुए। टेक महिंद्रा में डेढ़ प्रतिशत और पावर ग्रिड में सवा प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट रही। टीसीएस का शेयर भी नीचे बंद हुआ।
