अवध विश्वविद्यालय ने बदली परीक्षा पद्धति, OMR शीट पर नहीं होंगे एग्जाम
अयोध्या, अमृत विचार : डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने अपनी परीक्षा पद्धति में एक बार फिर से बदलाव कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले ओएमआर शीट से परीक्षा कराने का निर्णय लिया था लेकिन कतिपय कारणों से पैर वापस खींच लिए हैं।
सूत्रों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में आ रही तमाम अड़चनों के कारण विश्वविद्यालय ने यह बदलाव किया है। इतना ही नहीं परीक्षा को लेकर सभी सम्बद्ध महाविद्यालयों को सूचना जारी करते हुए विद्यार्थियों को अवगत कराने का निर्देश दिया है ताकि कोई असमंजस की स्थिति नहीं रहे।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 के एनईपी स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों की सम-सेमेस्टर ओ को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। विश्वविद्यालय के अनुसार ये परीक्षाएं अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में सभी परीक्षाओं को ओएमआर शीट पर वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) पद्धति से कराने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब इसमें आंशिक संशोधन किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत स्नातक द्वितीय एवं षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ/बहुविकल्पीय प्रकार से कराई जाएंगी, जबकि स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं लिखित (डिस्क्रिप्टिव) पद्धति से आयोजित होंगी। वहीं, परास्नातक द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ/बहुविकल्पीय पद्धति से ही संपन्न कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे इस संशोधित परीक्षा पद्धति की जानकारी अपने संस्थान के छात्र-छात्राओं तक तत्काल पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही अधिसूचना को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और कॉलेज लॉगिन पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अप्रैल में होने वाली परीक्षा के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
