मां शाकम्भरी देवी के दर्शन को आए श्रद्धालु की मौत: हरियाणा के व्यक्ति को आया हार्ट अटैक
सहारनपुर। सहारनपुर जिले स्थित शाकम्भरी देवी मन्दिर में हरियाणा से दर्शन-पूजन के लिये आये एक श्रद्धालु की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार श्रद्धालु की जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल के माध्यम से उसकी शिनाख्त हुई और परिजनों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
बेहट थाना प्रभारी सतपाल भाटी ने बताया कि बृहस्पतिवार को चैत्र नवरात्रि पर मां शाकम्भरी देवी के दर्शन के लिये हरियाणा के करनाल निवासी संत नारायण (54) पंक्ति में लगे हुए थे तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
उन्होंने बताया कि उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर मौजूद श्रदालुओं मे खलबली मच गई। कुछ लोगों ने पुलिस व स्वास्थय विभाग को इसकी जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि एंबुलेंस की मदद से संत नारायण को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। नारायण के परिजन भी सहारनपुर पहुंच गये हैं।
