Bareilly : बरेली को ग्लोबल लुक देंगी दो नई टाउनशिप, 150 करोड़ से शहर से सटे 12 गावों में होगा विकास

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत बरेली को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर विकसित करने के लिए 150 करोड़ का भारी-भरकम बजट जारी कर बड़े बदलाव की नींव रखी है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को मिले इस ''बूस्टर डोज'' से अब शहर के बाहरी इलाकों में दो ऐसी हाईटेक टाउनशिप सिर उठाएंगी, जो न केवल बरेली का भूगोल बदल देंगी, बल्कि यहां के निवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का अहसास कराएंगी।

बीडीए की विशेष कार्यधिकारी नीलम श्रीवास्तव ने बताया कि बरेली का यह नया विस्तार पूरी तरह से प्लान्ड सिटी के कॉन्सेप्ट पर आधारित होगा। इसके लिए शहर के आसपास 12 गांवों को चिह्नित किया है, जिनमें आसपुर खूबचंद, अडूपुरा जागीर, अहिलादपुर, बरकापुर, कुम्हरा, कलापुर, मोहरनियां, नवदिया कुर्मियान और हरहरपुर जैसे इलाके शामिल हैं। इन टाउनशिप में चौड़ी सड़कें और 24 घंटे बिजली-पानी के अलावा स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम, अंडरग्राउंड बिजली लाइनें और बड़े पार्क विकसित किए जाएंगे, जो बरेली को एक ग्लोबल लुक देंगे। 

इस परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण इसका ''सेल्फ-सस्टेनेबल'' मॉडल है। प्राधिकरण की योजना टाउनशिप को केवल रिहायशी इलाकों तक सीमित रखने की नहीं है, बल्कि यहां कमर्शियल हब, स्कूल, अस्पताल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए भी अलग से जोन निर्धारित किए गए हैं। शासन से यह धनराशि 20 साल के आसान ऋण पर मिली है, जिसका सीधा मतलब है कि बीडीए बिना किसी वित्तीय दबाव के किसानों को समय पर मुआवजा दे सकेगा। फिलहाल, बीडीए उक्त 12 गांवों में जमीन की पैमाइश और सर्वे की कार्रवाई को अंतिम रूप देने में जुट गया है।

आसमान छुएंगे जमीन के दाम
बीडीए को मिले 150 करोड़ के इस बजट ने बरेली के रियल एस्टेट मार्केट में हलचल तेज कर दी है। जिन 12 गांवों की जमीन अधिग्रहित होनी है, वहां प्रॉपर्टी के दामों में भारी उछाल की संभावना है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता को देखते हुए यहां नोएडा की तर्ज पर अंडरग्राउंड बिजली लाइनें, चौड़ी सड़कें और स्मार्ट ड्रेनेज जैसी सुविधाएं होंगी। ऐसे में भविष्य के लिए आशियाना या निवेश के लिए यह इलाका फायदे का सौदा होगा।

बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन. ए ने बताया कि बरेली का औद्योगिक ग्राफ और बढ़ता निवेश नई टाउनशिप की मांग बढ़ा रहा है। इसके लिए बजट मिल चुका है। जैसे ही जमीन का कब्जा प्राधिकरण के पास आएगा, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम शुरू कर दिया जाएगा। आने वाले कुछ वर्षों में बरेली का यह हिस्सा आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में चमकता नजर आएगा, जो न केवल रहने के लिए बेहतरीन होगा बल्कि निवेश के लिए भी प्रदेश का नया हॉटस्पॉट बनेगा।

 

संबंधित समाचार